हिमाचल प्रदेश : बच्चों को नीट की मुफ्त कोचिंग देगी सरकार
सरकार पंचकूला एजूकेशन सोसाइटी के माध्यम से जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों को नीट की निशुल्क कोचिंग दिलाएगी।एक माह के विशेष कोचिंग कैंप में विद्यार्थियों को नीट में पूछे जाने वाले प्रश्नों, प्रश्नपत्र पैटर्न सहित इसके आसानी से हल करने के तरीके सिखाए जाएंगे
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र के शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों के बच्चों को प्रदेश सरकार नीट (नेशनल एलीजिबिलिटी एंट्रेंस टेस्ट) की निशुल्क कोचिंग दिलाएगी। जनवरी में होने वाले विशेष कोचिंग कैंप में जनजातीय क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी भाग ले सकते हैं।सरकारी स्कूलों में जमा एक और जमा दो में विज्ञान संकाय में पढ़ाई करने वाले 50 विद्यार्थियों का चयन दसवीं में अर्जित अंकों की मेरिट के आधार पर होगा। सरकार पंचकूला एजूकेशन सोसाइटी के माध्यम से जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों को नीट की निशुल्क कोचिंग दिलाएगी।एक माह के विशेष कोचिंग कैंप में विद्यार्थियों को नीट में पूछे जाने वाले प्रश्नों, प्रश्नपत्र पैटर्न सहित इसके आसानी से हल करने के तरीके सिखाए जाएंगे। सरकार की इस योजना का लाभ चंबा के भरमौर और पांगी, लाहौल-स्पीति, किन्नौर सहित कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर के दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थी उठा सकेंगे।उधर, पंचकूला एजूकेशन सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि स्कूल प्रधानाचार्य जमा एक और जमा दो के विज्ञान संकाय में पढ़ाई करने वाले बच्चों के नाम संबंधित शिक्षा उपनिदेशक या फिर सीधे सोसाइटी को भेज सकते हैं।
आवेदन पत्रों से छंटनी कर 50 विद्यार्थियों का चयन कैंप के लिए होगा। प्रदेश सरकार के शिक्षा सचिव अरुण कुमार ने शिक्षा निदेशक के माध्यम से संबंधित क्षेत्र के उपनिदेशकों को पत्र जारी कर दिया है।पंचकूला एजूकेशन सोसाइटी एक से 31 जनवरी तक एक माह का विशेष कैंप लगाएगी। इसके लिए स्कूल 15 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। बच्चे, अभिभावक और स्कूल प्रधानाचार्य इससे संबंधित जानकारी के लिए सोसाइटी के चेयरमैन डॉ ओपी सिंह से मोबाइल नंबर 9815219741 पर सुबह साढ़े दस से साढ़े 11 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। पंचकूला एजूकेशन सोसाइटी पिछले दस साल से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में गुणात्मक शिक्षा के लिए काम कर रही है। सरकारी स्कूलों के करीब 2000 बच्चों को नीट, एआईईई सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग दी गई है।