हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नामांकन के तीसरे दिन यानि बुधवार को 15 उम्मीदवारों ने अपना पर्चा भरा. अब तक नामांकन दर्ज कराने वाले कुल उम्मीदवारों की संख्या 27 हो गई है. इंदोरा (एससी) सीट से सुशील कुमार ने भाजपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन दर्ज कराया. वहीं, फतेहपुर से बिधी चंद ने स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में पर्चा भरा. रेणुका डोगरा ने कुल्लू सीट से राष्ट्रीय आजाद मंच के उम्मीदवार के रूप में नामांकन दर्ज कराया. हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 23 अक्टूबर है.
दस्तावेजों की जांच 24 अक्टूबर को होगी और नामांकन वापस लेने की तारीख 26 अक्टूबर है. चुनाव नौ नवंबर को होगा. मतों की गिनती 18 दिसंबर को होगी और आचार संहिता 20 दिसंबर तक लागू रहेगी. राज्य की 68 विधानसभा सीटों में से 17 विधानसभा सीट अनुसूचित जातियों और तीन अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित हैं.
राज्य में कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 49,13,888 है. पंजीकरण के लंबित मामलों के सुलझने के बाद इस संख्या में इजाफा हो सकता है.
चुनाव के लिए वोटर-वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) से जुड़ी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का प्रयोग सभी 7,521 मतदान बूथों पर किया जाएगा. वीवीपीएटी मशीन का उपयोग हिमाचल विधानसभा चुनाव में पहली बार हो रहा है.