हिमाचल में सोमवार को फिर होगा मौसम खराब
मौसम विभाग के अनुसार 11 और 13 फरवरी को कुछ एक स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होगी।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : हिमाचल प्रदेश में सोमवार से फिर मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने लगाया है। इस दौरान प्रदेश में बारिश और बर्फबारी होगी। प्रदेश के कई भागों में फिर 14 को भारी हिमपात और बारिश होने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार केलांग में सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 11.6 डिग्री और ऊना में सबसे अधिक 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 11 और 13 फरवरी को कुछ एक स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होगी। इसके बाद 14 फरवरी को अनेक स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान लगाया गया है। इसके पश्चात 15 और 16 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा।शिमला 2.5 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर 2.9, भूंतर 2.0, कल्पा -4.6, धर्मशाला 4.2, नाहन 4.7, पालमपुर 3.5, सोलन 2.4, मनाली -2.0, कांगड़ा 4.2, मंडी 5.2, बिलासपुर 4.2, हमीरपुर 3.9, चंबा 2.7, डलहौजी 1.2 और कुफरी -0.5 डिग्री सेल्सियस रहा। शिमला का अधिकतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर 17.2, भूंतर 15.2, कल्पा 4.0, धर्मशाला 13.4, ऊना 21.0, नाहन 15.1, केलांग 1.0, सोलन 15.5, कांगड़ा 15.5, बिलासपुर 19.3, हमीरपुर 19.2, चंबा 16.9 और डलहौजी 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल में हिमखंड गिरने का दौर जारी है। तांदीपुल के पास हिमस्खलन से चार ढाबे और एक रन शेल्टर दब गया है। गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। चंद्रभागा नदी में पिछले दो दिनों से हिमखंड गिरा हुआ।पानी का रुका बहाव अब धीरे-धीरे सामान्य होने से खतरा टलने लगा है। उधर, खराब मौसम को देखते हुए शिमला के बाद कुल्लू के बर्फ से ढके ग्रामीण इलाकों के स्कूलों में भी दो दिन की छुट्टी कर दी है। अब 13 फरवरी को शिक्षण संस्थान खुलेंगे।बर्फबारी के दो दिन बाद भी प्रदेश की 547 छोटी-बड़ी सड़कें अभी तक बहाल नहीं हो पाई हैं। करीब 400 रूटों पर सोमवार को भी बसें नहीं चलीं। शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे को बहाल कर दिया है कि लेकिन वाहन स्किड होने का खतरा अभी बना हुआ है। जिला चंबा, शिमला, लाहौल स्पीति और कुल्लू जिले की अधिकांश सड़कें बंद होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।सड़कों को अभी तक 146 करोड़ का नुकसान हो चुका है। कुल्लू में 50 सड़कें, 150 बिजली के ट्रांसफार्मर और 40 पेयजल स्कीमें बाधित चल रही हैं। एसडीएम उदयपुर सुभाष गौतम ने बताया कि लाहौल के तमाम पंचायतों में हिमखंड गिरने की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।