आज राज्यसभा में ‘गूंजेगा’ कश्मीर, हंगामे के आसार

kashmir3

नई दिल्ली।  कश्मीर में जारी अशांति के मुद्दे पर आज राज्यसभा में चर्चा होगी। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह राज्यसभा में कश्मीर के हालत पर पूरा ब्यौरा देंगे तो वहीं विपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जवाब देने की मांग रख सकता है। दरअसल, 9 अगस्त यानि मंगलवार को विपक्षी पार्टियों ने राज्यसभा में कश्मीर में जारी अशांति के मुद्दे पर चर्चा की मांग की थी। और सरकार ने तब बुधवार को चर्चा कराने का आश्वासन दिया था। इसे लेकर संदन में हंगामे के आसार नजर आ रहे हैं। विपक्ष सरकार पर कश्मीर मामले को सही तरीके से संभाल ना पाने का आरोप लगा रहा है।

तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले में महान स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली भाबरा (आजाद नगर) में एक जनसभा में कश्मीर में जारी हिंसा पर चिंता व्यक्त की थी। पीएम मोदी ने कहा था कश्मीरियत और जम्हूरियत के खिलाफ साजिश बर्दाश्त नहीं होगी।

साथ ही उन्होंने कहा था कि मुट्ठी भर लोग, गुमराह हुए लोग, कश्मीर की महान परंपरा को ठेस पहुंचा रहे हैं। जिन हाथों में लैपटॉप, क्रिकेट का बल्ला और किताब होनी चाहिए, उन्हें पत्थर पकड़ा दिए जाते हैं। दिल्ली और कश्मीर की सरकार विकास के मार्ग पर चल रही है, मगर कुछ लोग वहां विनाश चाहते हैं। दरअसल, हिजबुल कमांडर बुरहानी वानी की मौत के बाद से ही कश्मीर में हालात सामान्य नहीं हैं। वहां हिंसक झड़पें होने की वजह से 20 से ज्यादा दिनों तक कर्फ्यू लग रहा था।

Leave A Reply