लखनऊ: बाहुबली मुख्तार अंसारी की पार्टी कौमी एकता दल के समाजवादी पार्टी में विलय के सवाल पर चचा-भतीजा शिवपाल-अखिलेश की तनातनी के बीच मुलायम विलय के समर्थन में कूदने के साथ ही बीजेपी ने बड़ा हमला बोल दिया है.
बीजेपी नेता श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कौमी एकता दल के समाजवादी पार्टी में विलय से सूबे का सांप्रदायिक माहौल खराब होगा. आपको बता दें कि कौमी एकता दल के सपा में विलय पर अखिलेश और शिवपाल आपस में भिड़ गए थे.
अब मुलायम सिंह यादव कौमी एकता दल के समाजवादी पार्टी में विलय के समर्थन में हैं और इस मुद्दे पर मुलायम शिवपाल यादव के साथ बैठक भी कर रहे हैं. गौरतलब है कि हाल ही में कौमी एकता दल के समाजवादी पार्टी में विलय का समर्थन करने वाले मंत्री बलराम यादव को अखिलेश यादव ने बर्खास्त कर दिया था. अखिलेश की जिद के आगे मुख्तार की पार्टी का समाजवादी पार्टी में विलय रद्द हो गया था. बलराम को फिर से मंत्री बना दिया गया था, लेकिन नाराज शिवपाल यादव शपथ ग्रहण कार्यक्रम में नहीं आये थे और शिवपाल अब भी नाराज हैं.
पिछले ही महीने दीपक सिंघल यूपी के मुख्य सचिव बनाये गए. अखिलेश यादव को दीपक सिंघल पसंद नहीं थे, लेकिन शिवपाल यादव ने मुलायम सिंह से दवाब बनवा कर अपने सबसे चहेते अफसर सिंघल को कुर्सी दिलवा दी. अखिलेश मन मसोस कर रह गए.
अखिलेश और शिवपाल यादव के इस झगड़े के बीच मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को कहा था कि शिवपाल के खिलाफ साजिश हो रही है और उन्हें काम नहीं करने दिया जा रहा है.
शिवपाल यादव ने सोमवार को ट्वीट कर कहा, हम सब एक हैं और अपने कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्ध हैं. नेताजी का संकेत ही मेरे लिए आदेश है.
मुलायम ने कहा कि ‘शिवपाल यादव एक नहीं बल्कि दो-दो बार इस्तीफा देने आये थे, मैंने उन्हें रोका’.
मुलायम सिंह यादव जब लखनऊ के समाजवादी पार्टी दफ्तर में ये सब कह रहे थे. यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उनके बगल में बैठे थे.
रविवार को शिवपाल यादव ने कहा था कि पार्टी के ही कई नेता ज़मीन कब्जा करने में लगे है. अफसर उनके सुनते नहीं हैं. नेता थाने की दलाली करते हैं. क़ानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं है, हालात नहीं सुधरे तो वो इस्तीफा दे दूंगा.
