गृह मंत्री राजनाथ ने बुलाई हाई लेवल मीटिंग, LoC पर हालात का लेंगे जायजा

Rajnath-Singh_GE_300916

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज सुबह 11 बजे नॉर्थ ब्लॉक में एक हाईलेवल मीटिंग बुलाई है। इस बैठक में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर हालात की समीक्षा की जाएगी। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल, गृह सचिव राजीव महर्षि, आईबी चीफ, रॉ चीफ शामिल होंगे। इनके अलावा इस बैठक में रक्षा मंत्रालय के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा गृह मंत्री राजनाथ आज 12 बजे आईटीबीपी के अधिकारियों के साथ बॉर्डर पर सुरक्षा हालात के जायजा भी लेंगे। आशंका जताई जा रही है कि हमले से बौखलाई पाकिस्तानी फौज कहीं नापाक हरकत न कर दे। वहीं–

सीमा पर बढ़ा तनाव– पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में गुरुवार को भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक के बाद सीमा पर तनाव बढ़ गया है। सीमा पर पाक की ओर से फायरिंग तेज हो गई है, पाक की ओर से भारतीय चौकियों को निशाना बनाया जा रहा है। पाकिस्तान की तरफ से कल से चार बार सीजफायर का उल्लंघन किया गया। सब्जियां,  अखनूर, मेंढर और नौशेरा में फायरिंग की गई। मेंढर में पाकिस्तान की ओर से तीन भारतीय चौकियों को निशाना बनाया, जिसका सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। मेडर के मनकोट इलाके में आतंकियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच मुठभेड़ में एक जवान घायल हो गया।

सीमा पर जारी हाईअलर्ट– ऐसा माना जा रहा है कि सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान जवाबी हमला कर सकता है। एहतियातन सीमा पर हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है। पाक की ओर से संभावित जवाबी हमले से निपटने की तैयारी की जा रही है। सेना की पश्चिमी कमान की सभी छुट्टियां रद्द कर दी गईं हैं। इधर, सीमावर्ती गांवों में रहने वाले लोग काफी डरे हुए हैं। पाकिस्तान की सीमा से लगे पंजाब के गांवों को सरकार ने खाली करने का आदेश दे दिया है। एलओसी पर लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।

खाली कराए सीमा पर बसे इलाके– सबसे ज्यादा सावधानी जम्मू-कश्मीर में एलओसी और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बसे इलाकों में बरती जा रही है। 10 किलोमीटर के दायरे में बसे पुंछ, सांबा, मेंढर, नौशेरा, हमीरपुर और आरएस पुरा के सभी रिहायशी इलाकों को खाली करवाया जा रहा है। स्कूल बंद कर दिए गए हैं। बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। इसके तहत शिविर चिह्नित कर लिए गए हैं। भारत की जवाबी कार्रवाई के बाद पाक चुप बैठने वाला नहीं है इसके लिए सेना ने भी कमर कस ली है। किसी तरह की स्थिति से निपटने के लिए सीमा पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

इधर, पंजाब में भी अलर्ट जारी है। केंद्र सरकार से मिले निर्देश के बाद पाकिस्तानी सीमा से सटे पंजाब के छह जिलों के गांव खाली कराए जा रहे हैं। केवल उन्हीं लोगों को गांवों में रुकने की इजाजत है जिनके पास लाइसेंसी हथियार हैं। पंजाब में पाकिस्तान सीमा से सटे फिरोजपुर, फाजिल्का, अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर और पठानकोट जिलों में बीएसएफ की हलचल तेज हो गई है।

इधर, भारतीय सीमा सुरक्षा बल बीएसएफ ने वाघा बार्डर पर होने वाली पारंपरिक सलामी बीटिंग रिट्रीट को आम जनता के लिए 2 अक्टूबर तक बंद कर दिया है तो बीती रात पाकिस्तान के स्ट्राइक बैक के अंदेशे के मद्देनजर पंजाब के नंगल के भांखड़ा डैम की तमाम लाइट्स ऑफ करके ब्लैक ऑउट कर दिया गया और डैम के आसपास पंजाब पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी सीमा सुरक्षा बल की अतिरिक्त टुकड़ी तैनात की गई है।

 

Leave A Reply