शहीद जवानों की CRPF कर रहा ब्रांडिंग, नए जवानों में भरेगा जोश

देश की सेवा के वक्त घायल एवं शहीद हुए जवानों पर वीडियो बनाकर CRPF उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहा है। इस काम से CRPF की ब्रांडिंग हो रही है साथ ही नौजवानों में जोश भी भरा जा रहा है।





(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर में सड़क निर्माण में मारे जा रहे सीआरपीएफ जवानों की ब्रांडिंग शुरू कर दी गई है। सीआरपीएफ ने एक वीडियो बनाया है, जिसमें जवानों की शहादत का जिक्र किया है। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जा रहा है।सीआरपीएफ ने अपने आधिकारिक ट्वीटर अकाउंट पर सड़क बनाने में अपना पैर गंवाने वाले जवान की इंटरव्यू अपलोड किया है। इसमें जवान ने बताया कि अब तक सैकड़ों जवानों की सड़क निर्माण में जान गई है। वहीं, सीआरपीएफ के छत्तीसगढ़ आईजी संदीप अरोड ने भी संदेश दिया है। इसमें उन्होंने कहा कि जवान अपनी जान को जोखिम में डालकर बस्तर में विकास की गंगा बहा रहे हैं।सीआरपीएफ के इस कदम को जवानों के जोश को बढ़ाने के रूप में देखा जा रहा है। सीआरपीएफ के आला अधिकारियों ने बताया कि बस्तर के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सड़क निर्माण में सुरक्षा का जिम्मा सीआरपीएफ को सौंपा गया है। इस दौरान जवानों की नक्सलियों से सीधी मुठभेड़ हो रही है। वहीं, कच्ची सड़कों पर नक्सलियों ने आईईडी लगा रखा है, जिसके कारण जवान बुरी तरह जख्मी और घायल हो रहे हैं। कई जवान अपना हाथ और पैर गंवाने के बाद भी विकास के मोर्चे पर डटे हुए हैं। ऐसे में इस वीडियो के माध्यम से जहां जवानों के काम की ब्रांडिंग हो रही है, वहीं नया जोश भरने में भी मदद मिल रही है।


Leave A Reply