अफगानिस्तान: ख्वाजा हसन मस्जिद में विस्फोट, 25 की मौत, 40 घायल

पूर्वी अफगानिस्तान में पकतिया प्रांत के गरदेज शहर में ख्वाजा हसन मस्जिद में आत्मघाती हमले से 25 लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): पूर्वी अफगानिस्तान में पकतिया प्रांत के गरदेज शहर में ख्वाजा हसन मस्जिद में आत्मघाती हमले से 25 लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए। ख्वाजा हसन मस्जिद शिया समुदाय की है। सुन्नी बहुल अफगानिस्तान में शिया अल्पसंख्यक हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि लोग जब जुम्मे की नमाज पढ़ रहे थे, उसी समय एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। इसके तत्काल बाद दूसरे हमलावर ने वहां मौजूद लोगों पर फायर झोंक दिया। अभी तक किसी ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।वरिष्ठ सरकारी अधिकारी अब्दुल्ला हजरात ने बताया कि आपातकालीन टीमों ने घटनास्थल से 25 लाशें बरामद की हैं। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। उल्लेखनीय है कि अफगानिस्तान के लोग आम तौर पर सांप्रदायिक हिंसा से परहेज करते रहे हैं। लेकिन, हाल के वर्षो में अल्पसंख्यक शिया समुदाय पर हमलों में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, शियाओं की संख्या को लेकर कोई औपचारिक जनगणना नहीं हुई है। फिर भी माना जाता है कि उनकी आबादी 10 से 20 फीसद हो सकती है। हाल के दिनों में एक और बात देखने को मिली है कि तालिबान और आइएस दोनों के आतंकी देशभर में शहरी इलाकों में ज्यादा हमले कर रहे हैं। सुरक्षा बलों और सरकारी प्रतिष्ठानों पर भी उन्होंने हमले तेज कर दिए हैं।

Leave A Reply