(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। दिल्ली से सटे नोएडा में भ्रष्ट पुलिसवालों पर ताबड़तोड़ ऐक्शन लिया जा रहा है। मंगलवार को चौकी के बाहर खड़ी गृह मंत्रालय के एक अधिकारी की कार को कटवाकर बेचने के आरोप में सेक्टर-39 थाना के चौकी इंचार्ज के खिलाफ केस दर्ज किया गया और अब एफआईआर से नाम हटवाने के लिए कॉल सेंटर से 8 लाख रुपये की उगाही के केस में सेक्टर 20 के थानाप्रभारी मनोज पंत के साथ तीन पत्रकारों को अरेस्ट किया गया है। यूपी पुलिस ने जबरन वसूली के इस मामले में इंस्पेक्टर मनोज पंत को सस्पेंड कर दिया है। पंत और तीन पत्रकार नवंबर 2018 के एक केस में कॉल सेंटर मालिक का नाम हटाने के लिए 8 लाख रुपयों की उगाही की थी। अरेस्ट किए गए पत्रकारों में से एक के पास से मर्सेडीज कार भी जब्त की गई है। एसएसपी वैभव कृष्ण के मुताबिक, शुरुआती जांच के मुताबिक, जब्त की गई कार का ताल्लुक किसी आपराधिक गतिविधि से प्रतीत होता है। दूसरे पत्रकार के पास से .32 बोर पिस्तौल भी बरामद हुई है। वसूली के पूरे 8 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं, चारों को अरेस्ट किया जा चुका है, जबकि अडिशनल एसएचओ जयवीर सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है।