लोकसभा चुनाव 2019 : जीपीएस युक्त वाहनों से होगा ईवीएम का परिवहन

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। इस लोकसभा चुनाव में जीपीएस युक्‍त वाहनों से ईवीएम का परिवहन होगा। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश पर ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन की जवाबदेही सेक्टर मजिस्ट्रेट की होगी। तय किए गए रूट चार्ट का पालन होगा। टाटा कॉलेज के बिरसा मुंडा सभागार में सोमवार को चुनाव में नियुक्त सभी सेक्टर पदाधिकारियों के साथ एक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला उपायुक्त अरवा राजकमल ने की। कार्यशाला के उपरांत उपायुक्त ने बताया कि इस कार्यशाला में उपस्थित सभी सेक्टर पदाधिकारियों को उनके कार्य से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई जिसमें मतदान के पूर्व दिनों से संबंधित कार्य ब्योरा, मतदान के पूर्व संध्या का कार्य,मतदान के दिन कार्य एवं मतदान पश्चात कार्य ब्योरा का विस्तृत रूप से जानकारी दी गई।बैठक में उपस्थित सेक्टर मजिस्‍ट्रेट। चुनाव से पूर्व सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने अधिकार क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे एवं वहां उपयुक्त सुविधाओं का सूचीबद्ध तरीके से रिपोर्टिंग करेंगे। विशेषकर वरनेबल मतदान केंद्र, गांव, टोला संबंधित जानकारी चुनाव पूर्व कर लेना सुनिश्चित किया गया है ताकि एक भय मुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न हो सके। वैसे कोई भी व्यक्ति जो मतदान के दिन या मतदान से पूर्व किसी भी तरह की गड़बड़ी करने का प्रयास करेंगे या करते पाए जाएंगे उन पर विधिसम्मत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आचार संहिता का भी सख्ती से पालन किया जाए। बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी परितोष ठाकुर, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, ईवीएम कोषांग पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave A Reply