16 वर्षीय भारतीय निशानेबाज दिव्यांश सिंह पंवार ने आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में जीता रजत

इसके साथ ही उन्होंने 2020 टोक्यो ओलिंपिक के लिए क्वालिफाई भी कर लिया।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : 16 साल के भारतीय निशानेबाज दिव्यांश सिंह पंवार ने शुक्रवार को चीन की राजधानी बीजिंग में चल रहे आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में 10 मीटर एयर राइफल में रजत पदक जीता। इसके साथ ही उन्होंने 2020 टोक्यो ओलिंपिक के लिए क्वालिफाई भी कर लिया। दिव्यांश ओलिंपिक कोटा हासिल करने वाले भारत के चौथे निशानेबाज हैं।उनसे पहले अंजुम मौदगिल, अपूर्वी चंदेला और सौरभ चौधरी भी ओलिंपिक कोटा हासिल कर चुके हैं। अंजुम और अपूर्वी ने वुमन्स 10 मीटर एयर राइफल, जबकि सौरभ ने मेन्स 10 मीटर एयर पिस्टल कैटेगरी में ओलिंपिक कोटा हासिल किया है।दिव्यांश महज 0.4 अंक के अंतर से स्वर्ण पदक जीतने से चूक गए। उन्होंने फाइनल में 249 अंक हासिल किए। स्वर्ण पदक जीतने वाले चीन के हुई जिचेंग ने 249.4 अंक बनाए। दिव्यांश का इस वर्ल्ड कप में यह दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने गुरुवार को अंजुम मौदगिल के साथ 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ट टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता था।

Leave A Reply