इस्लामिक स्टेट के सरगना बगदादी का 5 साल में पहली बार सामने आया विडियो
श्री लंका हमलों के एक हफ्ते बाद सामने आया बगदादी
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : खूंखार आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट का सरगना अभी जिंदा है? जी हां, यह सवाल एक बार फिर दुनिया के सामने खड़ा हो गया है। दरअसल, सोमवार को आतंकी संगठन द्वारा जारी किए गए एक प्रॉपेगैंडा विडियो में IS का सरगना अबू बकर अल-बगदादी पिछले पांच वर्षों में पहली बार देखा गया है। अभी स्पष्ट नहीं है कि यह विडियो कब शूट किया गया। हालांकि सीरिया में आईएस के आखिरी गढ़ बागूज के लिए लड़ाई का बगदादी ने पास्ट टेंस में जिक्र किया है।आपको बता दें कि आतंकियों के खिलाफ महीनों तक चली यह लड़ाई फरवरी के आखिर में खत्म हुई। अमेरिका के नेतृत्व वाली नाटो सेना और सीरिया डेमोक्रैटिक फोर्स ने इस कार्रवाई को अंजाम देते हुए बड़े पैमाने पर आतंकियों का सरेंडर कराया था। प्रॉपेगैंडा विडियो में बगदादी कहता है, ‘बागूज के लिए लड़ाई खत्म हो चुकी है।’ उसे तीन आदमी सुनते दिखते हैं, जिनके चेहरों को ब्लर किया गया है। कुछ साल पहले तक सीरिया और इराक के बड़े भूभाग पर IS का कब्जा था, लेकिन अब उसकी हालत काफी पतली हो गई है।