अमित शाह ने कहा – PM मोदी ने अपनी कूटनीति से पाकिस्तान को दुनिया में अलग-थलग किया
उन्होंने कहा- मोदी जी ने अपनी कूटनीति से पाकिस्तान को दुनिया में अलग-थलग करने का काम किया है।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के मुखिया मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किए जाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया। उन्होंने कहा- मोदी जी ने अपनी कूटनीति से पाकिस्तान को दुनिया में अलग-थलग करने का काम किया है। मसूद अजहर ने कई बम धमाके कराए, लेकिन इसे कोई अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित नहीं करा पाया। कल भारत के लिए स्वर्णिम दिन था, कल मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित किया गया।अमित शाह ने कहा कि पूरी दुनिया भारत की आत्मरक्षा के लिए देश के साथ खड़ी है। सारी दुनिया विश्वास करती है कि आतंकवाद पाकिस्तान की धरती से पैदा होता है। प्रधानमंत्री मोदी ने सारी दुनिया को यह यकीन दिला दिया है, इसलिए आतंकवाद को खत्म करने के लिए मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए आपका वोट रोडमल नागर (भाजपा उम्मीदवार) को देना है। अमित शाह ने नेशनल कांफ्रेस के नेता उमर अब्दुल्ला पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कश्मीर में नेशनल कांफ्रेस के साथ चुनाव लड़ा। नेशनल कांफ्रेस के नेता उमर अब्दुल्ला कश्मीर के लिए अलग प्रधानमंत्री की मांग करते हैं। वह कश्मीर को भारत से अलग करना चाहते हैं। राहुल बाबा आप सुन लीजिए। यह नरेन्द्र मोदी की सरकार है जो कि फिर से प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। लेकिन यदि कभी भाजपा सत्ता में नहीं भी रही तो पार्टी के कार्यकर्ता कभी यह होने नहीं देंगे।
भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस के घोषणा पत्र में राजद्रोह की धारा हटाने के वादे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल राष्ट्र विरोधी नारे लगाने वाले लोगों के साथ खड़ा है। उन्होने कहा कि भारत तेरे टुकड़े होगें हजार जैसे देश विरोधी नारे जेएनयू परिसर में लगाने वाले लोगों को जेल की सलाखों की पीछे होना चाहिए कि नहीं? शाह ने आरोप लगाया कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान में आतंकी ठिकनों पर किए गए सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक पर जब पूरा देश खुशी मना रहा था, उस वक्त पाकिस्तान और राहुल गांधी के यहां मातम छाया हुआ था। उन्होंने सवाल किया कि क्या हमें पुलवामा हमले के अपराधियों पर बमबारी नहीं करनी चाहिए थी? पाकिस्तान को करारा जवाब देने में केन्द्र की मोदी सरकार को सक्षम बताते हुए शाह ने कहा कि राहुल बाबा और कमलनाथ जी सुन लीजिए, आपको पाकिस्तान के साथ ईलू-ईलू करना है, तो कीजिए। लेकिन यह भाजपा सरकार है, वहां से गोली आएगी तो यहां से गोला जाएगा।