उन्नाव रेप पीड़िता सड़क हादसा : विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के खिलाफ एफआईआर दर्ज।

पीड़िता के घायल होने पर कुलदीप सिंह सेंगर समेत 10 पर एफआईआर दर्ज।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) :उन्राव रेप पीड़िता के साथ रविवार को सड़क दुर्घटना होने के बाद सोमवार को आरोपित भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पीड़िता के चाचा की तहरीर पर रायबरेली के गुरुबख्शगंज थाने में भाजपा विधायक समेत 10 लोगों को नामजद किया गया है।नामजद लोगों में विधायक कुलदीप सिंह सेंगर, उनके भाई मनोज सिंह, विनोद मिश्रा, हरपाल सिंह, नवीन सिंह, कोमल सिंह, अरुण सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, रिंकू सिंह, अवधेश सिंह पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया।बांगरमऊ से चार बार एमएलए चुने जा चुके सेंगर पर साल 2017 नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। इसके बाद 2018 में उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। बता दें कि, रविवार को उन्नाव दुष्कर्म मामले की पीड़िता की कार को रायबरेली में एक ट्रक ने रविवार को टक्कर मार दी थी। हादसे में पीड़िता व उसका वकील घायल हो गए, जबकि चाची व मौसी की मौत हो गई। पीड़िता व वकील को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में वेंटिलेटर पर रखा गया है।हादसा उस वक्त हुआ जब पीड़िता कार से रायबरेली जिला जेल में बंद अपने चाचा से मिलने जा रही थी। दुष्कर्म पीड़िता, चाची व उनकी बहन और वकील महेंद्र सिंह के साथ कार से रायबरेली जा रहे थे। गुरुख्शगंज थाना क्षेत्र में रायबरेली-लालगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुल्तानपुर खेड़ा गांव के मोड़ के पास दोपहर करीब एक बजे सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी थी।हादसे में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें जिला अस्पताल ले गई जहां मौसी की मौत हो गई। बाकी तीनों को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। ट्रॉमा में चाची की भी मौत हो गई। एसपी सुनील कुमार सिंह ने  बातचीत के दौरान कहा है कि चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ भी जारी है।

Leave A Reply