केरल की हिंसा के लिए राज्य की CPI(M) सरकार जिम्मेदार है अमित शाह

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह मंगलवार को केरल में पदयात्रा कर रहे हैं. उन्होंने राज्य की CPI(M) सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केरल और त्रिपुरा में राजनीतिक हत्याएं आम हो गई हैं. दोनों ही राज्यों में लेफ्ट पार्टियों की सरकार है.

उन्होंने कहा, “जब भी लेफ्ट सत्ता में आती है केरल में हिंसा बढ़ जाती है. केरल में 120 से ज्यादा बीजेपी और आरएसएस कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई है. इनमें से 80 से ज्यादा लोग मुख्यमंत्री पी विजयन के विधानसभा क्षेत्र में मारे गए हैं. उन्हें जनता को जवाब देना चाहिए.”

उन्होंने मानवाधिकार संगठनों पर भी सवाल उठाए कि वे केरल में होने वाली इन राजनीतिक हत्याओं के विरोध में आवाज क्यों नहीं उठाते हैं. पदयात्रा शुरू करने से पहले शाह ने कुन्नूर के राजराजेश्वर मंदिर में दर्शन किये. उन्होंने जिले के पय्यनूर से बीजेपी की जनरक्षा यात्रा की शुरुआत की.

यह पदयात्रा 15 दिनों तक चलेगी. बीजेपी इस राज्य में लाल आतंक के खिलाफ यात्रा के रूप में प्रचारित कर रही है. यह यात्रा पय्यन्नूर से शूरू होकर 17 अक्टूबर को तिरुअनंतपुरम में समाप्त होगी. इस यात्रा में केंद्र सरकार के कई मंत्री शामिल होने वाले हैं.

साल 2001 से अब तक केरल में 120 बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई है. इनमें से 84 हत्याएं केवल कुन्नूर में हुई हैं. वहीं दूसरी तरफ सीपीआई(एम) ने बीजेपी और आरएसएस पर हिंसा में लिप्त होने का आरोप लगाया है.

Leave A Reply