(न्यूज़लाइवनाउ-Delhi) राजधानी दिल्ली की विधानसभा में सोमवार दोपहर एक गंभीर सुरक्षा चूक सामने आई, जब एक संदिग्ध कार जबरन बैरिकेड तोड़ते हुए परिसर के अंदर घुस गई।
आरोपी मौके से फरार
बताया जा रहा है कि यह कार गेट नंबर-2 से लगभग दोपहर 2 बजे अंदर दाखिल हुई। वाहन चला रहा व्यक्ति चेहरे को ढके हुए था और वह सुरक्षा घेरा पार कर अंदर तक पहुंच गया।
अंदर घुसने के बाद चालक विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय की ओर बढ़ा। वहां उसने एक गुलदस्ता रखा और फिर स्पीकर की गाड़ी पर स्याही फेंक दी। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। मौके पर बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया, हालांकि अब तक किसी तरह का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकियां भी मिल चुकी थीं, जिससे सुरक्षा को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई थी।
फिलहाल पुलिस और अन्य एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह हरकत किसी विरोध का संकेत थी या इसके पीछे कोई और मकसद था।
Comments are closed.