केजरीवाल जिस कार में पहली बार CM बनने के बाद सचिवालय आते थे वो कार चोरी हुई

पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए अरविंद केजरीवाल नीले रंग की जिस वैगन-आर कार से रामलीला मैदान पहुंचे थे, वो कार गुरुवार को दिल्ली सचिवालय के गेट नंबर 3 के पास से चोरी हो गई। सीएम केजरीवाल 49 दिन की सरकार के समय इसी कार से सचिवालाय आते-जाते थे और चुनावी कैंपेन में भी उन्होंने इसी कार का प्रयोग किया था। पहली बार इसी कार से वे दिल्ली सचिवालय भी पहुंचे थे। बताते हैं कि इस कार से सीएम का भावनात्मक लगाव है।
फिलहाल इस कार को आम आदमी पार्टी यूथ विंग की इंचार्ज वंदना सिंह इस्तेमाल कर रही थीं। डीडीयू मार्ग स्थित आप कार्यालय में यह कार कुछ दिनों तक खड़ी रही और उसके बाद वंदना सिंह ने इस कार से आना-जाना शुरू किया। वह बताती हैं कि कार के चोरी होने से वह बहुत दुखी हैं, क्योंकि यह कार आम आदमी पार्टी के आंदोलन की गवाह रही है। केजरीवाल ने चुनाव प्रचार के समय इस कार का प्रयोग किया। रोहतक में लोकसभा चुनाव के दौरान भी वहां के एक सीनियर आप लीडर ने इस कार का चुनाव प्रचार में प्रयोग किया।
वंदना ने बताया कि सुबह 11:45 पर वह इस कार से सचिवालय आईं और गेट नंबर 3 के पास कार पार्क की। उसके बाद जब वह दोपहर दाई बजे के करीब वापस गईं तो देखा कि कार वहां पर नहीं है। सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया तो पाया कि कोई शख्स कार लेकर जा रहा है लेकिन सीसीटीवी फुटेज में उस शख्स का चेहरा ठीक से दिखाई नहीं दे रहा है।
पार्टी ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल : आप के मुख्य प्रवक्ता और विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल की पर्सनल कार को दिनदहाड़े सचिवालय के सामने से चुरा लिया गया और यह बहुत ही गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि सचिवालय के बाहर से कार चोरी हो जाए तो यह दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल है। दिल्ली की पुलिस एलजी को रिपोर्ट करती है और एलजी को सबसे पहले कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखना चाहिए। आप प्रवक्ता ने कहा कि वे एलजी से अपील करते हैं कि दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर ध्यान दें, क्योंकि दिल्ली में अपराधों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।

Leave A Reply