CM ने सीएचसी रेहन को 50 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल के रूप में स्तरोन्नत करने की घोषणा की
फतेहपुर में रखी मिनी सचिवालय भवन की आधारशिला
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कांगड़ा ज़िला के रेहन में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रेहन को 50 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल के रूप में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि फतेहपुर क्षेत्र में पानी की समस्या के हल के लिए ब्रिक्स के अंतर्गत तैयार 51 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को दूसरे चरण में फंडिंग के लिए भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोगों के सहयोग से राज्य सरकार ने हाल ही में अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धर्मशाला में अपनी गरिमामयी उपस्थिति से एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर आयोजित समारोह की शोभा बढ़ाई। प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की और राज्य के लोगों के कल्याण के लिए आरम्भ की गई कई योजनाओं की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान उन्होंने राज्य के कुल 68 निर्वाचन क्षेत्रों में से 64 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया है ताकि लोगों की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं के बारे में जानकारी प्राप्त हो सके।