भारत से मिली करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तान बुरी तरह बौखला गया, पाकिस्तानी बोर्ड की कड़ी कार्रवाई

(न्यूज़लाइवनाउ-Pakistan) दुबई में खेले गए एशिया कप 2025 के इस रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। मैच खत्म होने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी भारतीय क्रिकेटरों से हाथ मिलाने पहुंचे, लेकिन भारतीय टीम बिना कोई प्रतिक्रिया दिए सीधे ड्रेसिंग रूम में चली गई और दरवाज़ा बंद कर लिया। इस घटनाक्रम से बौखलाए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट निदेशक उस्मान वाहला को तत्काल निलंबित कर दिया।

पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, भारतीय खिलाड़ियों द्वारा हाथ मिलाने से इनकार करने पर बने विवाद में उस्मान वाहला को ज़िम्मेदार ठहराया गया। आरोप है कि उन्होंने मैच रेफरी के रवैये और भारतीय खिलाड़ियों की कार्रवाई पर समय रहते आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी। इसी वजह से PCB ने उन्हें पद से हटाने का निर्णय लिया।

PCB प्रमुख की नाराजगी

पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने सोमवार को बयान जारी करते हुए भारत पर खेल की भावना की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने खेल में राजनीति को शामिल किया है, जो खेल की आत्मा के विरुद्ध है। नकवी ने उम्मीद जताई कि आगे से जीत का जश्न सभी टीमें गरिमा और सम्मान के साथ मनाएंगी।

मैच के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) में औपचारिक शिकायत दायर की। PCB के प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, टीम मैनेजर नावेद चीमा ने भारतीय खिलाड़ियों के व्यवहार को खेल की मूल भावना के खिलाफ और असंवैधानिक करार दिया। विरोध स्वरूप पाकिस्तान ने अपने कप्तान सलमान आगा को पोस्ट-मैच समारोह में भेजने से भी मना कर दिया।

पीसीबी ने केवल भारतीय टीम पर ही नहीं, बल्कि मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट पर भी गंभीर आरोप लगाए। बोर्ड ने कहा कि उन्होंने आईसीसी की आचार संहिता का पालन नहीं किया और उन्हें तुरंत टूर्नामेंट से हटाया जाए। रिपोर्ट्स के अनुसार, यदि PCB की मांग नहीं मानी गई तो पाकिस्तान 17 सितंबर को होने वाले यूएई के खिलाफ मैच का बहिष्कार भी कर सकता है।

Comments are closed.