देश की डेयरी कंपनी अमूल ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया

(न्यूज़लाइवनाउ-India) देश की प्रमुख डेयरी कंपनी अमूल ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। अब 14 मई से अमूल दूध खरीदने के लिए ग्राहकों को प्रति लीटर 2 रुपये अधिक चुकाने होंगे। नई दरें पूरे देश में लागू होंगी।

 कंपनी के मुताबिक उत्पादन और संचालन खर्च बढ़ने की वजह से यह फैसला लिया गया है। बीते कुछ महीनों में पशु चारे, पैकेजिंग सामग्री और ईंधन की लागत में लगातार इजाफा हुआ है, जिससे डेयरी सेक्टर पर दबाव बढ़ा है। 

अमूल की ओर से कहा गया कि किसानों को दिए जाने वाले भुगतान में भी बढ़ोतरी की गई है। डेयरी संघों ने दूध खरीद दर में लगभग 3.7 प्रतिशत तक इजाफा किया है, ताकि पशुपालकों को बेहतर मूल्य मिल सके और दूध उत्पादन प्रभावित न हो। 

नई कीमतों का असर अमूल गोल्ड, अमूल ताजा, अमूल शक्ति, गाय दूध, भैंस दूध और अन्य प्रमुख वैरिएंट्स पर पड़ेगा। कंपनी का कहना है कि यह बढ़ोतरी औसत खाद्य महंगाई की तुलना में कम है और उपभोक्ताओं पर सीमित असर डालने की कोशिश की गई है।

 इस फैसले के बाद घरेलू बजट पर असर पड़ना तय माना जा रहा है, क्योंकि दूध रोजमर्रा की जरूरतों में शामिल है। वहीं अमूल के बाद अन्य डेयरी कंपनियों द्वारा भी कीमतें बढ़ाए जाने की संभावना जताई जा रही है। इसी बीच मदर डेयरी ने भी दिल्ली-एनसीआर में दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाने की घोषणा कर दी है। 

Comments are closed.