अभिनेत्री श्रीदेवी अब हमारे बीच नहीं रहीं
हृदय-गति रुक जाने (कार्डियक अरेस्ट) की वजह से उनका अचानक श्रीदेवी का निधन हो गया।
(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) अपने शानदार अभिनय से सिनेमाप्रेमियों के दिलों पर राज करनेवाली बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी हमारे बीच नहीं रहीं। श्रीदेवी दुबई में थीं जहां उनकी हृदय-गति रुक जाने (कार्डियक अरेस्ट) की वजह से उनका अचानक निधन हो गया। श्रीदेवी 55 वर्ष की थीं। उनके पति बॉनी कपूर के छोटे भाई और अभिनेता संजय कपूर ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि घटना रात 11-11.30 बजे की है।
संजय कपूर ने इंडियनएक्सप्रेस ऑनलाइन को बताया कि वह भी दुबई में ही थे और थोड़ी देर पहले भारत लौटे ही थे कि यह खबर आ गई। अब वह फिर से दुबई जा रहे हैं। दरअसल, श्रीदेवी अपने पति बॉनी कपूर और छोटी बेटी खुशी के साथ मोहित मारवाह के शादी समारोह में शिरकत करने दुबई गई थीं। उनके निधन की खबर सुनकर लोग मुंबई में उनके घर के पास जमा हो रहे हैं। उनकी बड़ी बेटी जाह्नवी यहीं हैं। वह शूटिंग की व्यस्तताओं की वजह से परिवार के साथ दुबई नहीं जा सकी थीं।
बहरहाल, बॉलीवुड की ओर से श्रीदेवी को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। प्रियंका चोपड़ा ने ट्वीट किया है, ‘मेरे पास कोई शब्द नहीं है। श्रीदेवी को प्यार करनेवाले हर व्यक्ति के प्रति संवेदना। एक काला दिन। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।’ वहीं, प्रीति जिंटा ने लिखा, ‘यह सुनकर दुखी और स्तब्ध हूं कि मेरी ऑल टाइम फेवरिट श्रीदेवी नहीं रहीं। भगवान उनकी आत्मा को शांति और उनके परिवार को ताकत दें।’