आगरा विवि देगा एनएसए अजीत डोभाल को मानद उपाधि

आगरा का डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय अपने 83वें दीक्षांत समारोह देश की तीन हस्तियों को मानद उपाधि प्रदान करने जा रहा है। इनमें भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत कुमार डोभाल, महिला वैज्ञानिक टेसी थॉमस और योगाचार्य डा. एचआर नागेंद्र शामिल हैं।
विश्वविद्यालय की कार्य परिषद की बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव पास हो गया है। अब इसे कुलाधिपति राम नाईक की अनुमति के लिए भेजा जाएगा। इस दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद हैं।

अगले महीने 5 दिसंबर को विश्वविद्यालय के प्रस्तावित दीक्षांत समारोह में तीनों हस्तियों को मानद उपाधि देने का निर्णय लिया गया है। अंतिम मुहर कुलाधिपति को लेना है। उनकी अनुमति मिलने के बाद तीनों को आमंत्रित किया जाएगा।

आगरा विवि के छात्र रहे हैं डोभाल

बता दें कि एनएसए अजीत कुमार डोभाल आगरा विश्वविद्यालय (वर्तमान में डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय) के छात्र रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1967 में यहां अर्थशास्त्र से एमए किया था। वहीं रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन की वैज्ञानिक टेसी थॉमस को अग्निपुत्री नाम से भी जाना जाता है।

वह अग्नि-2, अग्नि-3, अग्नि-4 प्रक्षेपात्र की मुख्य टीम का हिस्सा रहीं। डा. एचआर नागेंद्र योगाचार्य हैं। वह नासा में वैज्ञानिक भी रह चुके हैं। वर्तमान में विवेकानंद योग विश्वविद्यालय, बंगलूरू के कुलपति हैं। कार्य परिषद की बैठक में शामिल सभी सदस्यों ने तीनों नामों पर सहमति प्रदान कर दी। इसे विश्वविद्यालय का सराहनीय कदम बताया।

कुलपति डा. अरविंद कुमार दीक्षित ने बताया कि तीनों हस्तियों को मानद उपाधि प्रदान करने के लिए राज्यपाल को प्रस्ताव भेजा जा रहा है, उनकी स्वीकृति मिलने के बाद तीनों से संपर्क किया जाएगा। यदि वह दीक्षांत समारोह में आने के लिए तैयार हो जाते हैं तो अच्छी बात, नहीं तो विशेष दीक्षांत समारोह आयोजित कर मानद उपाधि प्रदान की जाएगी।

Leave A Reply