उत्तर और मध्य भारत में शीतलहर से बढ़ी ठंड, मध्यप्रदेश में एक की मौत।

दिल्ली-एनसीआर में कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच चुका है।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : पहाड़ी इलाकों में कई जगहों पर भारी बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में भी पारा काफी लुढ़क गया है। यूपी, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। दिल्ली-एनसीआर में कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच चुका है। इसी तरह, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और महाराष्ट्र समेत मध्य भारत भीषण शीतलहर की चपेट में है। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में 35 साल के एक शख्स की ठंड से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुल्तानपुर इलाके के किसान कमल किशोर के रूप में हुई है। सूत्रों ने बताया कि वह शराब के नशे में अपने घर के बाहर सोया हुआ था। रविवार को उसके परिवार के सदस्य उसे अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उत्तर भारत में शीतलहर तेज हो चुकी है। लोग अपने घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। जगह-जगह अलाव का सहारा लेकर लोग ठंड को मात देने की कोशिश कर रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत खुले आसमान के नीचे रहने वाले बेघरों के लिए है। हालांकि, तमाम जगहों पर प्रशासन ने रैनबसेरों का इंतजाम किया है। शीतलहर तेज होने की वजह से दिल्ली में बेघर लोगों ने रैनबसेरों में शरण ली है। दिल्ली और एनसीआर इस बार सर्दी में हर रेकॉर्ड तोड़ रहा है। रविवार को गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान महज 0.4 डिग्री रहा। यह भीलवाड़ा से ठंडा है, जहां का तापमान महज 0.6 डिग्री है। मध्य प्रदेश के मांडला, उमरिया और बुंदेलखंड के जंगलों में बर्फ की एक महीन परत जम गई है। वहीं कुछ जगहों पर पाला पड़ने की खबर है, जिनसे फसलों को नुकसान पहुंचा है। एमपी के मैदानी इलाकों में खजुराहो और उमरिया सबसे ठंडे रहें, जहां तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रविवार को भोपाल में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी के हिल स्टेशन में न्यूनतम तापमान -2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सर्द मौसम में लोग शरीर में गर्माहट बनाए रखने के लिए कई उपाय करते हैं। महाराष्ट्र के नागपुर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस था, जो शहर में अबतक के सबसे कम तापमान का रेकॉर्ड है। हालांकि, रविवार को न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई और यह 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विदर्भ क्षेत्र में तापमान 5 और 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। नागपुर के बाद गोंदिया सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस है। ओडिशा में भी भीषण शीतलहर जारी है। ओडिशा का कश्मीर कहे जाने वाले कंधमाल जिले के पर्यटन स्थल डारिंगिबडी में पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। अधिकारियों के मुताबिक यह रविवार को सूबे की सबसे ठंडी जगह थी। कंधमाल के फूलबनी में तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों के मुताबिक अगले 5 दिनों तक ऐसी ही स्थिति रह सकती है।

Leave A Reply