इस सयम क्रिकेट की सनसनी बन चुके टीम इंडिया के ऑल राउंडर हार्दिक पांड्या की फैन फॉलोइंग बढ़ती जा रही है. खासकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी दमदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी से तो हार्दिक पांड्या ने सभी का दिल जीत लिया. ऐसे में उनकी तुलना देश और दुनिया के सबसे महान ऑल राउंडर में शामिल कपिल देव से हो रही है. हर कोई कह रहा है कि देश को अगला कपिल देव मिल गया है. पहली बार इस मामले में खुद कपिल देव का बयान आया है. कपिल देव ने भी हार्दिक पांड्या से अपनी तुलना पर चुप्पी तोड़ी है और कपिल ने हार्दिक को खुद से बेहतर खिलाड़ी बताया है.
कपिल ने दोनों की तुलना पर कहा कि हार्दिक पांड्या मुझसे भी अच्छे खिलाड़ी हैं. हालांकि उन्हें अभी बहुत मेहनत करनी होगी. पांड्या बहुत प्रतिभाशाली और शानदार खिलाड़ी हैं, जो उन्हें मुझसे भी आगे खड़ा करता है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा सीरीज के पहले 3 वनडे मैचों में पांड्या ने बेहतरीन खेल दिखाया है. उनके इसी शानदार खेल का परिणाम है कि 3 मैचों में से 2 मैचों में पांड्या को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस सीरीज में पांड्या ने 3 मैचों में 60.33 की औसत से 181 रन बनाए हैं. उन्होंने 2 अर्धशतक भी लगाए हैं। पांड्या ने अपने करियर की बेस्ट पारी भी इसी सीरीज में खेली है और उनका बेस्ट स्कोर 83 रन है.