कमलनाथ सरकार द्वारा चुनावी वादे पूरे नहीं होंगे तो उतरूंगा सड़कों पर: ज्योतिरादित्य सिंधिया

नाथ ने सवाल पूछे जाने पर सीधे तौर पर कहा- तो उतर जाएं...।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) :   मध्यप्रदेश में कांग्रेस के कद्दावर नेता और कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक बयान दिया और मामला बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को सिंधिया का बयान ‘चुनावी वादे पूरे नहीं होने पर सड़क पर उतरने’ के बयान को लेकर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने तीखी प्रतिक्रिया दी। नाथ ने सवाल पूछे जाने पर सीधे तौर पर कहा- तो उतर जाएं…। इससे पहले शुक्रवार को नाथ ने कहा था कि कांग्रेस का वचन पत्र 5 साल के लिए है, 5 महीने के लिए तो नहीं है। यानी वचन-पत्र में जो भी वादे किए गए हैं वे पांच साल में पूरे किए जाएंगे। मुख्यमंत्री कमलनाथ नई दिल्ली में समन्वय समिति की बैठक में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इधर, राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने सिंधिया को सड़कों पर न उतरने की सलाह दी है। सिंह ने कहा कि सिंधिया कांग्रेस के बड़े नेता हैं। उन्हें सड़कों पर उतरने की जरूरत नहीं है। पार्टी स्तर पर बैठकर ही मुख्यमंत्री से चर्चा कर मुद्दे सुलझा लिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल प्रदेश की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं है।दरअसल, 2 दिन पहले गुरुवार को सिंधिया ने टीकमगढ़ में सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि अतिथि शिक्षकों को मैं कहना चाहता हूं, आपकी मांग मैंने चुनाव के पहले भी सुनी थी। मैं आपको विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपकी जो मांग हमारी सरकार के घोषणा-पत्र में हैं वो घोषणा-पत्र हमारे लिए ग्रंथ है। घोषणा-पत्र का एक-एक वाक्य पूरा न हुआ तो अपने को सड़क पर अकेला मत समझना। आपके साथ सड़क पर सिंधिया भी उतरेगा।

Leave A Reply