टॉस हार कर पहले बैटिंग करने उतरी बोर्ड प्रेसिडेंट इलेवन की टीम को पृथ्वी शॉ और लोकेश राहुल ने जोरदार शुरुआत दी। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 25.1 ओवर में 147 रन की साझेदारी की। ईश सोढ़ी ने लोकेश राहुल को निकोलस के हाथों कैच कराकर इस जोड़ी को तोड़ा, जबकि दूसरे ओपनर पृथ्वी को सैंडनर ने 66 रन के निजी स्कोर पर आउट किया।
इस जोड़ी के लगातार दो ओवरों में आउट होने के बाद करुण नायर ने आक्रमण का जिम्मा संभाला। हालांकि उन्हें दूसरे छोर से अधिक सहायता नहीं मिली। एक छोर से जहां विकेटों का गिरना जारी रहा वहीं करुण अच्छे शॉट्स लगाते रहे। ट्रेंट बोल्ट की बॉल पर मुनरों के हाथों कैच होने से पहले उन्होंने 64 बॉल में 78 रन की उपयोगी पारी खेली।