कहीं जली रोटी जैसी छोटी बात पर भी हो चुका है तलाक, जरूरी था ट्रिपल तलाक़ बिल का पारित होना

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, देशभर में ऐसे कई मामले हुए हैं, जिनमें छोटी-छोटी वजहों को लेकर तलाक दे दिया गया

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : तीन तलाक से जुड़ा नया विधेयक गुरुवार को करीब 5 घंटे चली चर्चा के बाद लोकसभा से पारित हो गया। विधेयक के पक्ष में 245 और विरोध में 11 वोट पड़े। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, देशभर में ऐसे कई मामले हुए हैं, जिनमें छोटी-छोटी वजहों को लेकर तलाक दे दिया गया। कहीं जली रोटी तो कहीं नमकीन के पैकेट से बीड़ी तक तलाक की वजह बनी। आइए आपको बताते हैं ऐसे 8 अजीबोगरीब मामलों के बारे में….

बेटी पैदा हुई तो तलाक : यूपी के शामली में एक शख्स ने पत्नी को सिर्फ इसलिए तलाक दे दिया, क्योंकि उसने बेटी को जन्म दिया था। मामला 16 जुलाई 2018 का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़की पैदा होने पर शौहर ने पैसे और बाइक की डिमांड की। डिमांड पूरी न करने पर घर से निकाल दिया। सहारनपुर के गंगोह की गुलिस्ता की शादी दो साल पहले कैराना निवासी शाहिद से हुई थी।

जली रोटी परोसने पर दे दिया तलाक : यूपी के महोबा में 8 जुलाई 2018 को जली रोटी परोसने पर एक शख्स ने पत्नी को तलाक दे दिया था। 4 जुलाई 2017 को 24 वर्षीय रजिया की निहाल खां से शादी हुई थी। रजिया ने आरोप लगाया कि शादी के दूसरे ही दिन से पति ने टॉर्चर करना शुरू कर दिया था।

नमकीन के पैकेट ने कराया तलाक :यूपी के गाजियाबाद के लोनी निवासी सलीम ने पत्नी उम्मेदा को सिर्फ इसलिए तलाक दे दिया, क्योंकि वह एक नमकीन का पैकेट अपने मायके दे आई थी। मई 2017 में घटना के दिन सलीम मार्केट से नमकीन के दौ पैकेट लाया था। उम्मेदा ने बताया था कि इसी मामूली बात पर उसे तीन बार तलाक कहकर घर से निकाल दिया गया।

20 रुपए के लिए दे दिया तलाक : यूपी के फिरोजाबाद में मई 2017 में रसूलपुर की साजिया को शानू ने बच्ची के लिए 20 रुपए मांगने पर तलाक दे दिया था। साजिया ने मीडिया से कहा था कि किसी भी महिला को तीन तलाक कह देने से कैसे उसकी जिंदगी एक पल में तबाह हो जाती है, ये इसका उदाहरण है।

सोते समय दे दिया तलाक : इसी तरह जुलाई, 2014 में यूपी के नजीराबाद में एक शख्स ने अपनी बीवी को उसके सोते समय तलाक दे दिया था। सोकर उठी तो तलाक देने की बात देवरानी ने बताई। शबाना निशा की शादी 7 जुलाई, 2013 को यूपी के बांदा के बसौदा निवासी सलीम सौदागर से हुई थी।

‘बीड़ी’ के पैकेट पर तलाक : जनवरी 2017 में हरियाणा के एक शख्स ने पत्नी को सिर्फ इसलिए तलाक दे दिया था, क्योंकि महिला ने उसे बीड़ी का पैकेट देने से मना कर दिया था।

फेसबुक पर तलाक : जनवरी 2017 में यूपी के शाहजहांपुर में आफरीन नाम की एक महिला को उसके शौहर ने फेसबुक पर तीन तलाक दे दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये मामला दहेज से जुड़ा था।

निकाह के 2 घंटे बाद ही तलाक :2016 में यूपी के बागपत में निकाह के दो घंटे बाद ही तलाक हो गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़के वालों को दहेज में कार नहीं मिली, तो घर पहुंचते ही लड़के ने तीन तलाक कहकर पत्नी को घर से निकाल दिया था।

Leave A Reply