कांग्रेस ने महिला दिवस पर किया ट्वीट और हो गई ट्रोल

लोगों ने कांग्रेस से सवाल पूछा कि क्या महिला सशक्तीकरण का मतलब देर रात तक घूमना और पसंदीदा ड्रिंक्स पीना ही होता है?

(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ)  दुनिया भर में गुरुवार यानी 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर तरह-तरह के कार्यक्रम आयोजित हुए। संसद से लेकर सड़क तक महिला अधिकारों और महिला सशक्तीकरण को लेकर चर्चाएं हुईं लेकिन इसी बीच देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने महिला दिवस को लेकर ट्विटर पर कुछ ऐसा किया कि वह ट्रोल हो गई।दरअसल, कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक पोल डाला। इसमें कांग्रेस की तरफ से लिखा गया कि आप इस बार का महिला दिवस किस तरह मनाने जा रही हैं? इस सवाल के साथ कांग्रेस ने चार ऑप्शन्स दिए थे। पहला, अपनी पसंदीदा ड्रिंक्स पीकर। दूसरा, जोर-जोर से ठहाके लगाकर। तीसरा, देर रात तक घूमकर और चौथे ऑप्शन के तौर पर ‘उपरोक्त सभी’। सोशल मीडिया पर इन ऑप्शन्स को लेकर पार्टी को ट्रोल किया जाने लगा। लोगों ने कांग्रेस से सवाल पूछा कि क्या महिला सशक्तीकरण का मतलब देर रात तक घूमना और पसंदीदा ड्रिंक्स पीना ही होता है? कांग्रेस के इस पोल पर रोहित अग्रवाल नामक यूजर ने लिखा, ‘आपके द्वारा सूचीबद्ध ऑप्शन्स आपके खुद के नेताओं और उनके परिजनों के लिए प्रासंगिक हो सकते हैं।’ वहीं एक अन्य यूजर ने इस ट्वीट का रिप्लाई करते हुए एक नया पोल क्रिएट किया। संजीव घोष नामक यूजर ने कांग्रेस के सवाल पर ही 3 नए ऑप्शन्स दिए। पहला, कांग्रेस को देश से बाहर करके। दूसरा, कांग्रेस को भारत में ही समाप्त करके या तीसरा, उपरोक्त सभी। आपको बता दें कि इससे पहले भी अपने ट्वीट्स के चलते कांग्रेस कई बार ट्रोल हो चुकी है। हाल ही में जानी मानी अभिनेत्री श्रीदेवी ने निधन पर किए गए ‘श्रद्धांजलि ट्वीट’ में कांग्रेस अपने कार्यकाल के दौरान पद्मश्री दिए जाने की बात लिखकर विवादों में आ गई थी।

Leave A Reply