गुरमीत राम रहीम को साध्वी से रेप मामले में 10 साल की सजा

साध्वी से रेप के मामले में पंचकूला की सीबीआई कोर्ट से दोषी करार दिए गए डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सोमवार को सजा सुनाई गई. सुरक्षा कारणों से रोहतक की सुनारिया जेल में बनाई गई अस्थाई कोर्ट में जज जगदीप सिंह ने राम रहीम को 10 साल कारावास की सजा सुनाई. 2.30 बजे सजा पर बहस के दौरान सीबीआई ने कहा कि ये रेयरेस्ट ऑफ रेयर केस है इसलिए राम रहीम को अधिकतम सजा दी जानी चाहिए. जिसके बाद राम रहीम के वकील ने कोर्ट के बताया कि राम रहीम ने सामाजिक कार्य किए हैं. इसलिए सजा में नरमी बरती जानी चाहिए.

सीबीआई ने किसी भी तरह की राहत दिए जाने का विरोध करते हुए कहा कि राम रहीम को आजीवन कारावास की सजा दी जाए. आपको बता दें कि रोहतक की सुनारिया जेल में बनाए गए कोर्ट रूम में केवल दोनों पक्षों के वकीलों को ही जाने की इजाजत थी. जज द्वारा फैसला पढ़े जाने के बाद दोनों पक्षों के वकीलों ने बाहर आकर इसकी जानकारी दी.

गौरतलब है कि गुरमीत राम रहीम पर साल 2002 में साध्वी ने यौन शोषण का मामला दर्ज कराया था. इस केस में लंबी सुनवाई के बाद कोर्ट ने 25 अगस्त 2017 को राम रहीम को दोषी करार दिया था. इसके बाद राम रहीम के समर्थकों ने हरियाणा के कई जिलों में जमकर उत्पात मचाया था. इस हिंसा में 38 लोग मारे गए थे वहीं सैकड़ों की संख्या में लोग घायल हुए थे.
इससे पहले पंचकूला सीबीआई कोर्ट के जज जगदीप सिंह हेलीकॉप्टर रोहतक पहुंचे थे. सुरक्षा कारणों से सीबीआई कोर्ट के जज को हेलीकॉप्टर के जरिए 40 मिनट का सफर तय करना पड़ा. आपको बता दें कि जब से राम रहीम को कोर्ट ने दोषी करार दिया है. तभी से पूरे हरियाणा में तनाव बना हुआ है. हरियाणा के अलावा यूपी, राजस्थान और दिल्ली में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. राम रहीम को सजा सुनाए जाने के बाद कोई हिंसक घटना ना हो इसके लिए प्रशासन ने रोहतक और सिरसा के साथ हरियाणा के सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंजताम किए है.

रोहतक जेल के बाहर किसी भी संदिग्ध के देखे जाने पर गोली मारने के आदेश दिए गए है. रोहतक के उपायुक्त ने कहा है कि उपद्रवियों ने यदि चेतावनी को धता बताया तो उन पर गोलियां चलाई जा सकती हैं . रोहतक के उपायुक्त अतुल कुमार ने पत्रकारों को बताया, ‘‘हम रोहतक में किसी को उपद्रव पैदा नहीं करने देंगे . कानून तोड़ने वाले और हिंसा या आगजनी करने वाले अपनी स्थिति के लिए खुद जिम्मेदार होंगे . उपद्रव करने वाले को पहले चेतावनी दी जाएगी और यदि उसने ध्यान नहीं दिया तो उसे गोलियों का सामना करना पड़ेगा .’’

सीबीआई कोर्ट के फैसले के बाद हुई हिंसा में 38 की मौत
आपको बता दें कि शुक्रवार (25 अगस्त) को जब सीबीआई अदालत ने राम रहीम को दोषी ठहराया था तब हरियाणा, पंजाब, राजस्थान में उसके अनुयायियों ने उत्पात मचाया था. राम रहीम के डेरा वाले शहर सिरसा में कर्फ्यू लगा दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा और पंजाब में मोबाइल इंटरनट सेवाएं मंगलवार साढ़े ग्यारह बजे तक निलंबित रहेंगी. सिरसा में डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय के परिसर तक इंटरनेट लीज लाइनें भी तबतक के लिए काम नहीं करेंगी.

Leave A Reply