तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के निधन के बाद उनकी पार्टी AIADMK ने दावा किया है कि ‘अम्मा’ की बीमारी और फिर देहांत की खबर सुनकर दुख और सदमे के चलते 77 लोगों की मौत हो गई। इसके पहले जब जयललिता को आय से अधिक संपत्ति के मामले में सजा होने पर जेल जाना पड़ा था, तब भी कथित तौर पर दुखी हो कर उनके कई समर्थकों ने अपनी जान दे दी थी।
AIADMK ने दुख और सदमे से मरने वालों का आंकड़ा तो जारी किया है, पर यह नहीं बताया है कि इनमें पुरुषों और महिलाओं की संख्या कितनी है और ये लोग प्रदेश में कहां के रहने वाले हैं।
निश्चित रूप से तमिलों ने अपना एक हमदर्द नेता खो दिया है जिसके कारण वहां की जनता गहरे सदमे मे है|
बता दें कि दक्षिण के राज्यों में नेताओं के समर्थक स्वभाव से काफी भावुक होते हैं। अपोलो अस्पताल में जब जयललिता की हृदयगति रुकने की खबर आई थी, तब भी बड़ी संख्या में अस्पताल के बाहर उनके समर्थक रोते हुए नजर आए थे। सोमवार को तमिलनाडु की पूर्व सीएम जयललिता का निधन हो गया था। उनके देहांत के बाद पूरा प्रदेश गहरे शोक में डूबा हुआ है।