ट्रम्प ने WTO को दी धमकी, अगर वे अपना रवैया नहीं बदलेंगे तो हम संगठन से बाहर हो जाएंगे
ट्रम्प ने पिछले महीने कहा था कि डब्ल्यूटीओ का बीते कई सालों से अमेरिका के साथ व्यवहार बेहद खराब रहा है
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) से अलग होने की बात कही है। ट्रम्प के मुताबिक, अगर डब्ल्यूटीओ अपना रवैया नहीं बदलता तो हम संगठन से बाहर हो जाएंगे। ट्रम्प ने यह बात ओवल ऑफिस में एक इंटरव्यू के दौरान कही। उन्होंने यह भी कहा कि विश्व व्यापार संगठन से अमेरिका ने अब तक की सबसे खराब डील की है।अमेरिका का चीन के साथ ट्रेड वॉर चल रहा है। दो महीने में अमेरिका 3.46 लाख करोड़ (50 अरब डॉलर) के चीनी माल के आयात पर 25% शुल्क लगा चुका है। अब अगर अमेरिका डब्ल्यूटीओ से बाहर होता है तो इससे किसी को ज्यादा आश्चर्य नहीं होना चाहिए। ट्रम्प ने पिछले महीने कहा था कि डब्ल्यूटीओ का बीते कई सालों से अमेरिका के साथ व्यवहार बेहद खराब रहा है। उन्हें अपनी ये नीति बदलनी चाहिए। डब्ल्यूटीओ में अमेरिका का प्रतिनिधि रॉबर्ट लाइटहाइजर ने कहा कि 2001 में चीन को संगठन में शामिल करना एक बड़ी गलती थी। हम चीन जैसी किसी नॉन-मार्केट इकोनॉमी के साथ डील नहीं कर सकते। ट्रम्प ने कहा, “पिछले साल हम डब्ल्यूटीओ में ज्यादा जीते। क्या आप इसकी वजह जानते हैं? क्योंकि वे (डब्ल्यूटीओ) जानते हैं कि अगर हम ऐसा नहीं करेंगे तो यहां से बाहर कर दिए जाएंगे।” जो देश डब्ल्यूटीओ में शिकायतें लाते हैं वे ताकतवर होते हैं और व्यापार विवादों में प्रतिवादी हार जाते हैं। काटो इंस्टीट्यूट के मुताबिक, डब्ल्यूटीओ में अमेरिका किसी अन्य सदस्य के मुकाबले ज्यादा मामले लेकर आया। अमेरिका को डब्ल्यूटीओ में उसके द्वारा लाए गए 90% विवादों में जीत मिली है। वहीं, अमेरिका को उसके खिलाफ लाए गए 90% से ज्यादा मामलों में हार का सामना करना पड़ा। 1994 में अमेरिका के प्रयासों से वैश्विक व्यापार के विवादों को सुलझाने के लिए विश्व व्यापार संगठन की स्थापना हुई थी।