तेलुगू देशम के दो मंत्रियों ने एनडीए से दिया इस्तीफ़ा
गजपति राजू केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री और वाई. एस. चौधरी विज्ञान प्रोद्यौगिकी राज्य मंत्री थे।
(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) मोदी सरकार से टीडीपी की नाराज़गी सामने आने के बाद गुरुवार को टीडीपी के कोटे के दो केंद्रीय मंत्रियों ने सरकार से इस्तीफ़ा दे दिया। टीडीपी के दो केंद्रीय मंत्रियों अशोक गजपति राजू और वाई।एस। चौधरी ने दिल्ली में 7 लोक कल्याण मार्ग जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात के बाद उन्हें इस्तीफ़ा सौंपा। गजपति राजू केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री और वाई. एस. चौधरी विज्ञान प्रोद्यौगिकी राज्य मंत्री थे। राजू और वाई.एस. चौधरी इस्तीफ़ा देने के बाद मीडिया के सामने आए और प्रेस कॉन्फ़्रेंस की। वहीं, इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू से बात की थी लेकिन उस दौरान कोई सहमति नहीं बन पाई थी जिसके बाद शाम को दोनों मंत्रियों ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफ़ा दे दिया। टीडीपी केंद्र सरकार से आंध्र के लिए विशेष दर्जा चाह रही थी लेकिन केंद्र ने यह देने से इनक़ार कर दिया था।