भारतीय टीम के चीफ कोच रवि शास्त्री ने एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी का समर्थन किया है। शास्त्री ने कहा है कि दो बार के वर्ल्ड कप विजेता पूर्व कप्तान के खेल पर सवाल उठाने वाले पहले अपने करियर को देखें। पूर्व भारतीय दिग्गज वी.वी.एस. लक्ष्मण और अजीत अगरकर समेत कुछ क्रिकेटर धोनी के टी20 भविष्य पर सवाल उठा रहे थे।
टीम इंडिया के चीफ कोच ने आगे कहा, ‘मौजूदा टीम का कल्चर प्रदर्शन और क्वॉलिटी पर आधारित होती है। मैदान पर धोनी से बेहतर कोई नहीं है, चाहे वह विकेट के पीछे हों या बल्ले से प्रदर्शन की बात हो।’ शास्त्री ने भारतीय खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा, ‘फील्डिंग में मौजूदा भारतीय टीम सर्वश्रेष्ठ है और यही क्वॉलिटी उसे पिछली भारतीय टीमों से अलग करती है।’
शास्त्री ने कहा, ‘लोगों को धोनी पर कॉमेंट करने से पहले अपने करियर को देखना चाहिए। पूर्व कप्तान धोनी में अभी बहुत क्रिकेट बाकी है और यह टीम का दायित्व है कि वह इस लेजंड क्रिकेटर का समर्थन करे।’ शास्त्री फनैटिक स्पोर्ट्स म्यूजियम में 2011 वर्ल्ड कप विजेता टीम के ऑटोग्राफ वाला बैट देख रहे थे।
श्री लंका के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज की शुरुआत से पहले कोच शास्त्री ने कहा, ‘टीम इंडिया हमेशा जीतने के लिए ही जानी जाती है। हम उम्मीद करते हैं साउथ अफ्रीका रवाना होने से डेढ़ महीने पहले इस सीरीज में जीत दर्ज करें।’ शास्त्री ने कहा, ‘हार्दिक पंड्या को इस सीरीज में आराम दिया गया है। यह टीम किसी एक खिलाड़ी के बल पर नहीं टिकी है, हम एक-साथ हारते हैं और एक साथ जीतते हैं।’