इन दिनों अपने तथाकथित प्रेमी उदय चोपड़ा के साथ लिव ईन में रहने की ख़बरों और अफ़वाहों से परेशान नरगिस फ़ाखरी ने बताया कि वो मुंबई को क्यों पसंद नहीं करती हैं.
नरगिस ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत साल 2011 की हिट फ़िल्म ‘रॉकस्टार’ से की थी. इस फ़िल्म ने 100 करोड़ से ज़्यादा का बिज़नेस किया था और लगा था कि नरगिस टाप रैंकिंग में आ जाएंगी लेकिन 6 सालों में नरगिस के पास कुल 9 ही फ़िल्में हैं जिनमें से कुछ में वो बतौर आइटम गर्ल नज़र आई हैं.
नरगिस ने साल 2016 में आई ‘बैंजो’ के बाद किसी फ़िल्म में अभिनय भी नहीं किया और इसका कारण उन्होनें मुंबई और यहां कि फ़िल्म इंडस्ट्री के तरीकों को माना. नरगिस ने बताया कि उन्हें इस शहर का मिज़ाज समझ नहीं आया और वो शायद यहां दोस्त नहीं बना पाई.
“दुनियाभर में मेेरे दोस्त हैं लेकिन यहां मेरे दो ही दोस्त बन पाए. जब मैं रॉकस्टार के लिए काम कर रही थी तो मुझे लगा था कि मेरे दोस्त बन रहे हैं. लेकिन फ़िल्म ख़त्म हो जाने के बाद सब अपने अपने रास्तों पर बढ़ गए. मेरे लिए ये अजीब था और शायद इसलिए मुझे यह शहर रास नहीं आता.”
दो सालों को दौरान नरगिस अपनी मां के साथ अमेरिका में रही और उन्होनें हॉलीवुड फ़िल्म स्पाई में काम भी किया. नरगिस ने आज तक अभिनेता उदय चोपड़ा के साथ अपने लव अफ़ेयर को स्वीकार नहीं किया और मुंबई में उदय के घर में रहने की ख़बर का भी वो खंडन करती आई हैं.
“मैं इन ख़बरों का खंडन करना या इन पर रिप्लाई करना ज़रुरी नहीं समझती लेकिन यहां की यही बात मुझे पसंद नहीं आती शायद इसलिए मैं यहां कम रहती हूं.”