नेशनल हेराल्ड मामला: सुब्रह्मण्यम स्वामी ने बयान दर्ज कर लगाए, राहुल और सोनिया पर धोखाधड़ी के आरोप।

पटियाला हाउस कोर्ट के अतिरिक्त मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट समर विशाल के समक्ष इस मामले की सुनवाई के दौरान सुब्रह्मण्यम स्वामी ने राहुल और सोनिया समेत अन्य पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए।

(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) : नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, उनकी मां सोनिया गांधी और अन्य के खिलाफ शनिवार को भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने बयान दर्ज कराए। उन्होंने इस मामले में इन सभी के खिलाफ याचिका दायर की थी। उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा ने कोर्ट से अपील की है कि स्वामी द्वारा सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही नेशनल हेराल्ड मामले संबंधी कथित जानकारियों पर रोक लगाएं। पटियाला हाउस कोर्ट के अतिरिक्त मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट समर विशाल के समक्ष इस मामले की सुनवाई के दौरान सुब्रह्मण्यम स्वामी ने राहुल और सोनिया समेत अन्य पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए। स्वामी ने कहा कि उन्होंने यंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के जरिए महज 50 लाख रुपये की रकम देकर एसोसिएट्स जर्नल्स से कांग्रेस द्वारा वसूली जाने वाली 90.25 करोड़ की रकम का अधिकार हासिल कर लिया। स्वामी ने इस मामले में राहुल और सोनिया के अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा, पार्टी महासचिव ऑस्कर फर्नांडीस, सुमन दुबे, सैम पित्रोदा और यंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को आरोपी बनाया है। इन सभी ने आरोपों को निराधार बताया है। अदालत ने सभी आरोपियों और यंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को 26 जून, 2014 को समन किया था। अदालत ने 19 दिसंबर, 2015 को सोनिया, राहुल, वोरा, फर्नांडीस और दुबे को जमानत दे दी थी। पित्रोदा को 20 फरवरी, 2016 को जमानत दी गई थी। स्वामी का फिर से बयान दर्ज करने के लिए कोर्ट ने 25 अगस्त की तारीख तय की है।

Leave A Reply