पंजाब : BSF ने दो घुसपैठियों को पकड़ा, पाकिस्तानी फौज के आईडी कार्ड किए बरामद
जानकारी के मुताबिक ये दाेनों पाकिस्तानी फौज के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। दोनों से पाकिस्तानी फौज के पहचान पत्र, पाक करंसी और वहां के दो मोबाइल फाेन भी बरामद किए गए हैं
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : सीमा सुरक्षा बल ने रविवार देर शाम फिराेजपुर जिले के सीमावर्ती इलाके में दो घुसपैठियों को पकड़ लिया है। जानकारी के मुताबिक ये दाेनों पाकिस्तानी फौज के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। दोनों से पाकिस्तानी फौज के पहचान पत्र, पाक करंसी और वहां के दो मोबाइल फाेन भी बरामद किए गए हैं। दोनों को पकड़ कर सुरक्षा बल के मुख्यालय में लाया गया है।सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों ने बताया कि रविवार देर शाम ममदोट इलाके में दोना तेलू मल चेक पोस्ट पर तैनात 29वीं बटालियन के जवानों ने बीपी 194 के पास दो पाक नागरिकों को भारतीय सीमा में दाखिल होते हुए देखा। इन्हें रुक जाने के लिए अलर्ट किया और तुरंत आईबी से 300 मीटर की दूरी पर पकड़ लिया गया। पूछताछ करने पर पकड़े गए दोनों युवकों की पहचान मंसूर के रहने वाले 31 वर्षीय सिराज अहमद (पाकिस्तानी फौज में बलोच रेजिमेंट में सिपाही) और अतक मतिहाल के रहने वाले 36 वर्षीय मुमताज खान (बलोच रेजिमेंट में हवलदार) के रूप में हुई है।मुमताज खान से 3660 रुपए की पाक करंसी, 1 नोकिया मोबाइल फोन व 1 पाक सिम बरामद हुई है। सिराज से पाक फौज के 2 पर्सनल आईडी कार्ड, 4 फोटो, 2 मोबाइल फोन व 1040 रुपए की पाक करंसी बरामद हुई है। इसके चलते इन दोनों को तुरंत हिरासत में लेने के बाद बीएसएफ के मुख्यालय में लाया गया है। यहां विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां दोनों से पूछताछ कर रही हैं।