पचास साल पहले दुर्घटनाग्रस्त हुए वायु सेना के एक विमान का मलबा और सैनिक का शव मिला

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : पर्वतारोहियों के एक दल ने अनजाने में पचास साल पहले दुर्घटनाग्रस्त हुए वायु सेना के एक विमान का मलबा और सैनिक का शव खोज निकाला। यह विमान हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। खबरों के मुताबिक भारतीय वायु सेना के ए एन -12 विमान को सोवियत संघ में बनाया गया था और यह सात फरवरी 1968 से लापता था। विमान के पायलट ने चंडीगढ़ से लेह जाने के दौरान खराब मौसम की वजह से वापस लौटने के बारे में सोचा था।

इस विमान ने जब आखिरी बार रेडियो से संपर्क किया था तब वह कथित तौर पर रोहतांग दर्रा के ऊपर उड़ रहा था। पर्वतारोहियों की जिस टीम ने इस विमान की खोज की है , वह चंद्रभागा -13 चोटी से कचरा साफ करने के अभियान पर 1-15 जुलाई के बीच गए थे। पर्वतारोहियों के इस समूह का नेतृत्व करने वाले दल के प्रमुख राजीव रावत ने एजेंसी को उत्तरकाशी से फोन पर बताया, “हमें कुछ ऐसा मिला जिसकी हमें कोई उम्मीद नहीं थी। हमें विमान का मलबा और एक सैनिक का सड़ा – गला शव ढाका ग्लेशियर से मिला , यह स्थान समुद्र तल से 18,000 फीट की ऊंचाई पर है।”

Leave A Reply