पिता की मृत्यु के बाद पर्रिकर के बेटों ने राजनीति में आने के दिए संकेत
इससे पहले शुक्रवार को बेटे उत्पल ने कहा था कि वे सही वक्त पर राजनीति में आने का फैसला करेंगे
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बेटों ने राजनीति में आने के संकेत दिए। पर्रिकर के दोनों बेटों उत्पल और अभिजीत ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि पिता के राज्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण की विरासत को जारी रखने के लिए राजनीति में आ सकते हैं। इससे पहले शुक्रवार को उत्पल ने कहा था कि वे सही वक्त पर राजनीति में आने का फैसला करेंगे।पर्रिकर का 17 मार्च को निधन हो गया था। वे पैंक्रियाटिक कैंसर से जूझ रहे थे। पर्रिकर के निधन के बाद से ही ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि उनके बेटे लोकसभा चुनाव या पिता की विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ सकते हैं।ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बेंजामिन डिसरेली को कोट करते हुए बेटों ने बयान में कहा, ऐसा माना जाता है कि नायकों की विरासत महान नामों और महान उदाहरणों की यादगार होती है।हम राज्य और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण की विरासत को आगे ले जाने में गौरवान्वित महसूस करेंगे। मेरे पिता हर दिन जोश और राष्ट्र सेवा के भाव से जिए। अंतिम समय तक उन्होंने राष्ट्र की समस्याओं पर कब्जा सा कर लिया था।पिता के निधन से परिवार में खालीपन सा आ गया है। हालांकि, हमारे साथ खड़े लोगों, संदेशों और पत्रों से हमें महसूस हो रहा है कि हम एक बड़े परिवार का हिस्सा हैं, जिसे वे अपने पीछे छोड़ गए हैं।उत्पल और अभिजीत ने पर्रिकर की बीमारी के दौरान समर्थन के लिए प्रधानमंत्री मोदी को भी धन्यवाद दिया। इसके अलावा केंद्रीय मंत्रियों और तीनों सेनाओं का भी आभार जताया।