पुलवामा में सुरक्षाबलों ने मार गिराए तीन आतंकी
पुलिस के अनुसार, सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल में रविवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों को मार गिराया। मारे गए आतंकियों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार फिलहाल दो आतंकियों के शव बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ स्थल से हथियार तथा गोला बारूद बरामद किया गया है। उनके पास से मिले सामानों से आतंकियों के जैश से जुड़े होने की पुष्टि होती है। पुलिस के अनुसार, सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद त्राल के पिंग्लिश क्षेत्र की सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। सुरक्षाबलों का घेरा सख्त होता देख मकान में छिपे आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें तीन आतंकियों को मार गिराने में सफलता मिली। सुरक्षा बलों ने उस मकान को उड़ा दिया जिसमें आतंकी छिपे हुए थे। पुलिस के अनुसार फिलहाल तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।मुठभेड़ शुरू होने के बाद मौके पर स्थानीय युवा एकत्र हो गए तथा उन्होंने सुरक्षाबलों पर पथराव शुरू कर दिया। सुरक्षा बलों ने बल प्रयोग कर भीड़ को मौके से खदेड़ दिया। इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।उधर उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा इलाके में बुधवार की रात आतंकियों ने सेना की पार्टी पर हमला किया था। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया। लंगेट इलाके में आतंकियों ने 32 राष्ट्रीय राइफल्स की पेट्रोल पार्टी पर पहले ग्रेनेड दागा। इसके बाद अंधाधुंध फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी को मार गिराया गया था।