बराक ओबामा ने की मोदी-मनमोहन की तारीफ़, कहा-ये विश्व के साहसी नेता

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की खुलकर तारीफ की है। ओबामा ने कहा कि नरेंद्र मोदी के पास भारत के लिए एक विजन है और वो नौकरशाही का आधुनिकीकरण कर रहे हैं।

अमेरिका के 44वें राष्ट्रपति रहे बराक ओबामा ने कहा कि दोनों देशों की जनता के संपर्क से भारत और अमेरिका के बीच रिश्ते मजबूत हुए हैं। ओबामा ने यह भी बताया कि वो अमेरिकी के ऐसे इकलौते राष्ट्रपति थे जो दो बार भारत की यात्रा पर आए थे।

मोदी और मनमोहन के साथ अपने संबंधों पर बात करते हुए ओबामा ने कहा “मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने वैश्विक समस्याओं को हल करने के लिए राजनीतिक साहस दिखाया।” ओबामा ने बताया कि वो मोदी को पसंद करते हैं। वहीं मनमोहन सिंह की तारीफ करते हुए ओबामा ने कहा कि उन्होंने आधुनिक भारतीय अर्थव्यवस्था की नींव रखी। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने भारतीय अर्थव्यवस्था को उदार बनाया।

ओबामा ने पेरिस जलवायु समझौते के लिए मोदी के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस समझौते के दौरान मोदी हमारे प्रमुख भागीदार रहे। मोदी ने पेरिस जलवायु समझौता कराया और इसके लिए साहस की जरूरत थी।

धर्म के आधार पर न हो किसी देश में भेदभाव: ओबामा

अमेरिका के पूर्व राष्‍ट्रपति बराक ओबामा ने बताया कि उन्‍होंने निजी तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से और अमेरिका वासियों से कहा है कि किसी देश में धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए।

ओबामा ने कहा कि एक देश को सांप्रदायिक आधार पर विभाजित नहीं किया जाना चाहिए और इस बात पर बल दिया जाना चाहिए कि भारतीय समाज में मुसलमानों को कैसे बखूबी संजोये रखने की जरूरत है, जो खुद को भारतीय ही समझते हैं। कई अन्य देशों में अल्पसंख्यकों के लिए ये बात सामान्य नहीं है।

Leave A Reply