बैडमिंटन: साइना नेहवाल ने ओलिंपिक चैंपियन कैरोलिना को हराया

ओडेन्से: पिछले कुछ समय से चोट की शिकार रहीं साइना नेहवाल एक बार फिर अपने प्रदर्शन से खेलप्रेमियों की उम्‍मीदों का केंद्र बनती जा रही हैं. लंदन ओलिंपिक की कांस्य पदकधारी साइना नेहवाल ने कहा कि ग्लास्गो विश्व चैम्पियनशिप ने उन्हें महसूस कराया कि उन्हें शीर्ष 10 में अपने स्थान में वापसी करने के लिए शीर्ष खिलाड़ियों को हराने के मद्देनजर अपने स्टैमिना पर काम करने की जरूरत है. दुनिया की पूर्व नंबर एक साइना ने बीती रात डेनमार्क ओपन में ओलिंपिक की गोल्‍ड मेडलिस्‍ट कैरोलिना मॉरिन को हराकर बाहर किया.

उन्होंने कहा, ‘मुझे शुरू में मुश्किल खिलाड़ियों से खेलना पड़ा क्योंकि मैं अभी 12वीं रैंकिंग पर हूं. काफी खिलाड़ी जो मुझसे रैंकिंग में नीचे है, उन्हें अच्छा ड्रॉ मिल रहा है और मैच से पहले मैं सोच रही थी ‘ओ माई गॉड (हे भगवान).’मुझे इतना मुश्किल ड्रॉ मिल रहा है. लेकिन मैं जानती हूं कि मुझे शीर्ष 10 में वापसी करने के लिये मुश्किल खिलाड़ियों को हराना होगा.’

उन्होंने कहा, ‘वर्ल्‍ड चैम्पियनशिप ने मुझे सबक सिखाया कि मुझे अपने स्टैमिना पर ज्यादा मेहनत करनी होगी. मुझे लगता कि मेरे शॉट भी तेजतर्रार नहीं थे. आप नोजोमी ओकुहारा, कैरोलिना और सिंधु में सुधार देखिये, वे जिस तरह से बड़ी रैलियां खेल रही हैं, यह उनके दमखम को दर्शाता है. मैं खुश हूं कि मैं थोड़ी करीब पहुंची हूं लेकिन मुझे काफी सुधार करना है.’

Leave A Reply