भाजपा के स्थापना दिवस पर मोदी ने दी बधाई, कहा- जेपी नड्डा जी के दिशानिर्देशों का पालन करे

मोदी ने कार्यकर्ताओं से कोरोना वायरस के खिलाफ महाजंग में भागीदार बनने और सरकार के द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): राहुल कार्की: केंद्र से लेकर देश के दर्जनभर राज्यों में सरकार चला रही भारतीय जनता पार्टी का आज स्थापना दिवस है। 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ था और आज इसकी स्थापना को चालीस साल पूरे हो रहे हैं, इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं से कोरोना वायरस के खिलाफ महाजंग में भागीदार बनने और सरकार के द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके कहा है कि पार्टी का 40वां स्थापना दिवस ऐसे समय में आया है, जब देश कोविड-19 से लड़ रहा है। मैं कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के दिशानिर्देशों का पालन करें और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ जरूरतमंदों की मदद करें। एकजुट होकर भारत को कोविड-19 से मुक्त करें। उन्होंने दूसरे ट्वीट में कहा कि जब भी बीजेपी को सेवा करने का मौका मिला, पार्टी ने सुशासन और गरीबों के सशक्तिकरण पर जोर दिया। पार्टी के सिद्धांतों के अनुरूप हमारे कार्यकर्ताओं ने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा की और समाज सेवा की नई मिसाल भी कायम की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के स्थापना दिवस पर पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। इस अवसर पर उन सबको मेरी विनम्र श्रद्धांजलि, जिन्होंने अपने खून-पसीने से पार्टी को सींचा। उनकी वजह से ही भाजपा को आज देशभर में करोड़ों भारतीयों की सेवा करने का अवसर मिला है। भारतीय जनता पार्टी  की स्थापना छह अप्रैल, 1980 को हुई थी। इस समय भाजपा अपने सबसे मजबूत दौर से गुजर रही है। लगातार दूसरी बार पार्टी पूर्ण बहुमत से केंद्र की सत्ता में है। पार्टी के पास अकेले 303 लोकसभा सांसद हैं। 1984 में अपने पहले लोकसभा चुनाव में भाजपा को महज दो लोकसभा सीटें मिलीं थीं। धीरे-धीरे भाजपा राष्ट्रीय राजनीति में खुद को मजबूत करती नजर आई। 1989 में पार्टी ने 85 तो 1991 में राम मंदिर आंदोलन की लहर में 120 सीटें जीतने में सफल रही थी। भाजपा को 1996 में 161 और 1998 में 182 सीटें मिलीं। भाजपा ने 2014 में 282 सीटों के साथ अपने दम पर सरकार बनाई तो 2019 में और दमदार जीत मिली। पार्टी  ने 2019 के लोकसभा चुनाव में अकेले 303 सीटें जीतकर दोबारा सत्ता हासिल की है।जेपी नड्डा की ओर से जारी किए गए संदेश में कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि सभी कार्यालयों और कार्यकर्ताओं के घर में पार्टी का नया झंडा फहराया जाए। साथ ही इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी ख़याल रखा जाए। कार्यकर्ताओं से यह भी अपील की गई है कि वो एक समय का भोजन त्याग कर लॉकडाउन की वजह से कष्ट झेल रहे लोगों के प्रति सहानुभूति व्यक्त करें।

Leave A Reply