(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 18वें एशियाई खेलों में अपने अभियान का शानदार आगाज किया है। अपने पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने मेजबान इंडोनेशिया को 17-0 से रौंद कर रख दिया। यह भारत की एशियाड में अब तक की सबसे बड़ी जीत है। टूर्नमेंट का दूसरा दिन भारत के लिए बेहद शानदार रहा। इससे पहले भारतीय महिला रेसलर विनेश फोगाट ने कुश्ती में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतते हुए इतिहास रचा। वह महिला रेसलिंग में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय हैं। एशियाई खेलों में 17-0 की यह जीत भारत की ऐतिहासिक जीत है। इससे पहले भारत ने एशियाई खेलों में रेकॉर्ड 3 बार 12-0 से विरोधी टीमों को मात दी है। भारतीय टीम के आगे इंडोनेशिया की एक न चली और एक के बाद एक गोल लगते रहे। विनेश फोगाट ने 50 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ वह पहली भारतीय महिला पहलवान बनी हैं, जिन्होंने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक अपने नाम किया हो। गोल्ड मेडल के लिए खेले गए मुकाबले में विनेश ने जापान की इरी युकी को 6-2 से मात दी। बता दें कि भारत ने एशियाई खेलों में अभी तक दो ही गोल्ड मेडल अपने नाम किए हैं। दोनों ही पदक कुश्ती से मिले हैं। इससे पहले रविवार को बजरंग पूनिया ने इन खेलों का पहला गोल्ड मेडल दिलाया था।