मंत्रिमंडल विस्तार में न तो भाजपा को जनता दल (एकी) का सुझाव पसंद आया और न ही जद (एकी) को भाजपा का। खींचतान के बीच अपना राजनीतिक समीकरण सधता देख भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हक्का-बक्का करते हुए उनका दबाव मानने से इनकार कर दिया। इससे खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है जनता दल (एकी) नेतृत्व। जनता दल (एकी) नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण में भी शामिल नहीं हुआ। आधिकारिक तौर पर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पार्टी नेतृत्व ने कोई टिप्पणी नहीं की है। उसने चुप्पी साध रखी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह ने ‘जनसत्ता’ से कहा, ‘यह भाजपा का अंदरूनी फेरबदल और मंत्रिमंडल विस्तार था। इसमें गठबंधन के सहयोगियों को नहीं बुलाया गया।’ जद (एकी) के साथ भाजपा की जो बात चल रही थी, उसमें घटक दलों को लेकर कोई मान्य फार्मूला नहीं बन सका। उनके अनुसार, ‘राजग के घटक दलों को किस आधार पर सीटें आवंटित की जाएं, इसको लेकर कोई सर्वमान्य फार्मूला नहीं बन सका।’
मंत्रिमंडल में फेरबदल के दौरान तीनों को पार्टी नेतृत्व ने थपकी दी। बची-खुची कसर आरा के सांसद राज कुमार सिंह को केंद्रीय मंत्री बनाकर पूरी की गई। चौबे को अपने राज्य में सुशील कुमार मोदी जैसे बड़े छत्रपों से अच्छा तालमेल नहीं होने के लिए जाना जाता है। बिहार में भाजपा अगड़ों के साथ ही अन्य पिछड़ा वर्ग समुदाय में पैठ बढ़ा रही है। राजपूत वर्ग से आने के साथ ही अच्छे प्रशासनिक रेकॉर्ड और ईमानदार छवि वाले राज कुमार सिंह पर मोदी ने विश्वास जताया है, जहां इसी राज्य से दूसरे राजपूता नेता राजीव प्रताप रूड़ी को मंत्री पद से हटाया गया है।