मनाली-लेह राजमार्ग खुलेगा 10 दिनों में

(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) : पांच महीने तक यातायात पर रोक रहने के बाद मनाली-लेह राजमार्ग को मोटर चालकों के लिए 10 दिनों में फिर खोले जाने की संभावना है। राजमार्ग से बर्फ हटाने का अभियान जारी है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कमांडर कर्नल ए.के.अवस्थी ने बताया कि बर्फ को हटाने का काम तेजी से चल रहा है। अगर मौसम अनुकूल रहा तो मनाली व लेह के बीच यातायात 10 दिनों में बहाल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि बारलाचा दर्रे के पास के कुछ हिस्सों में 20 फुट से ज्यादा बर्फ जमी है। यह बर्फ हटाना एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि पूरे 475 किमी भाग के मरम्मत का कार्य भी चल रहा है। यह मार्ग हिमाचल प्रदेश पर्यटन शहर को जम्मू एवं कश्मीर के लेह से जोड़ता है। यह मार्ग सशस्त्र बलों के आवागमन व लद्दाख के अग्रिम क्षेत्रों में माल की आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण है।मनाली-लेह राजमार्ग अपने रास्ते में रोहतांग दर्रा (13,050 फुट), बारलाचा दर्रा (16,020 फुट), लाचुलुंगला दर्रा (16,620 फुट) व तांगलांगला (17,480 फुट) से होकर गुजरजता है। बीआरओ देश में रणनीतिक राजमार्गो की देखरेख करता है। हिमाचल सड़क परिवहन निगम के अधिकारी ने बताया कि एक बार राजमार्ग पर यातायात के खुलने के बाद दिल्ली से लेह के बीच मनाली व केलांग के जरिए बस सेवा शुरू करने में कम से कम 10 दिन लगेंगे। रोहतांग दर्रे को पहले ही बर्फ हटाने के बाद पर्यटकों के लिए खोला जा चुका है। रोहतांग दर्रा पर्यटकों के आर्कषण का प्रमुख केंद्र है, जो मनाली से 52 किमी दूर है। रोहतांग दर्रे की यात्रा के लिए हर रोज ऑनलाइन पहले आओ-पहले पाओं के आधार पर 1,200 टैक्सी या निजी वाहनों को अनुमति दी जाती है। इसमें 800 पेट्रोल वाहन व बाकी के डीजल वाहन होते हैं।

Leave A Reply