रक्षा मंत्री सीतारमण के ‘नमस्ते’ की चीनी मीडिया कर रहा तारीफ

भारतीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के भारत-चीन बॉर्डर के दौरे की चीनी मीडिया में काफी तारीफ हो रही है. नाथूला इलाके में रक्षा मंत्री की चीनी सैनिकों से मुलाकात के बाद चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम बॉर्डर पर भारत के साथ शांति के लिए तैयार हैं.

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा, “भारत-चीन की सीमाओं को चीन-यूके 1980 के ऐतिहासिक समझौते में तय किया गया है और इस बात का सबसे बड़ा गवाह नाथूला पास है. हम ऐतिहासिक समझौतों और दोनों देशों के बीच हुए समझौते के मुताबिक सीमाओं पर शांति के लिए तैयार हैं.”

रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को भारत-चीन बॉर्डर पर नाथूला इलाके का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने चीनी सैनिकों को भारतीय संस्कृति के बारे में बताया और उन्हें ‘नमस्ते’ करना भी सिखाया. रक्षा मंत्री ने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें वह चीनी सैनिकों को ‘नमस्ते’ करना सिखा रही हैं.

निर्मला सीतारमण ने पहले बॉर्डर पर नाथूला इलाके में तैनात चीनी सैनिकों से मुलाकात की. इस दौरान एक चीनी अफसर उन्हें बता रहा था कि यहां उनकी क्या ड्यूटी होती है. उन्होंने चीनी सैनिक से पूछा, “आपको पता है कि नमस्ते क्या है?”

चीनी सैनिक के कोई जवाब न दे पाने पर रक्षा मंत्री ने पूछा कि चीनी भाषा में नमस्ते को क्या कहते हैं? चीनी सैनिक के बताने पर सीतारमण ने उसी तरह उन्हें नमस्ते किया. जवाब में चीनी सैनिकों ने भी हाथ जोड़कर नमस्ते बोला.

रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण का नाथूला दौरा डोकलाम विवाद के बाद हुआ है. एक महीने पहले ही चीनी सेना वहां से पीछे हटी है.

Leave A Reply