(न्यूज़ लाइव नाउ ):राज्यसभा चुनाव की जंग रोचक दौर में है। चुनाव में कम से कम तीन विधायकों के क्रासवोटिंग किये जाने के आसार हैं। इसमें बसपा के अनिल सिंह, सपा के नीतिन अग्रवाल व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कैलाश सोनकर शामिल हैं। कैलाश सोनकर की पार्टी ने तो क्रासवोटिंग किये जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया है।
दो विधायकों के मत अवैध घोषित
चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनाव में दो मत अवैध घोषित कर दिए। इनमें एक भाजपा का जबकि दूसरा बसपा का है। मत तकनीकी आधार पर रद्द किए गए हैं। इस बात की पुष्टि संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने की है।
आरोप प्रत्यारोप के चलते दो घंटा देर से शुरू हुई काउंटिंग
राज्य सभा की दस सीटों के लिए हो रहे चुनाव की मतगणना सत्ता पक्ष और विपक्ष की खींचतान के चलते निर्धारित समय शाम पांच बजे से शुरू नहीं हो पाई। दोनों पक्षों के आरोपों के चलते चुनाव आयोग ने मतगणना पर थोड़ी देर के लिए रोक लगा दी थी। इसके बाद चुनाव आयोग के पर्यवेक्षक ने आरोपों की जाँच करने के लिए सीसीटीवी फुटेज देखे।
फुटेज में जिन दो विधायकों के वोट को लेकर विवाद था चुनाव आयोग ने उन आरोपों को ख़ारिज कर दिया। इसके बाद शाम तक़रीबन सात बजे मतगणना शुरू हो सकी है। क़रीब एक घंटे तक सभी 11 प्रत्याशियों को मिले वोटों को अलग-अलग छाँटकर रखा गया और प्रत्याशियों व उनके अधिकृत एजेंटों को दिखाया गया।
सपा के नितिन और बसपा के अनिल पर हंगामा
सपा विधायक और नरेश अग्रवाल के बेटे नितिन अग्रवाल के वोट पर सपा ने आपत्ति की। नितिन ने अपने जवाब में कहा कि उन्होंने अधिकृत एजेंट को वोट दिखाया लेकिन उस समय कोई आपत्ति नही की गई। इसी प्रकार बसपा के अनिल कुमार सिंह पर आपत्ति हुई तो उन्होंने भी अपना वोट दिखाने का दावा किया।
तीन घंटे में पड़े तीन सौ वोट
राज्यसभा चुनाव का मतदान विधानभवन के तिलक हाल में अपराह्न नौ बजे शुरू हुआ। सभी दल अपने-अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिये पूरी जुगत लगा रहे। इस दौरान बसपा विधायक अनिल सिंह ने क्रासवोटिंग करते हुए भाजपा को वोट दिया। सिंह ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने अन्तरात्मा की आवाज सुनकर वोट दिया है। अन्तरात्मा की पुकार पर हम महाराज जी (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) के साथ चले गये।
दो विधायक नहीं डाल पाये वोट
जेल में बंद बसपा विधायक मुख्तार अंसारी के वोट देने पर उच्च न्यायालय ने रोक लगा रखी है। जबकि की जेल बंद सपा विधायक हरिओम यादव की वोट डालने की अनुमति सम्बन्धी याचिका को अपर सत्र न्यायालय ने भी खारिज कर दिया था।