शिवसेना ने 2019 का चुनाव अकेले लड़ने का किया ऐलान
शिवसेना ने बीजेपी से गठबंधन तोड़कर 2019 में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है
(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) : भाजपा और शिवसेना का चोली-दामन का साथ टूटने की कगार है। शिवसेना ने ऐलान कर दिया है कि 2019 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव वह अकेले ही लड़ेगी। सांसद संजय राउत जो शिव सेना के प्रवक्ता भी है, उन्होंने इस मामले पर कार्यकारिणी बैठक में प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। इस प्रस्ताव के अनुसार अगले 2019 के विधानसभा एवं लोकसभा के चुनाव शिवसेना अकेले लड़ेगी। शिवसेना ने महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से 25 में और विधानसभा की 288 सीटों में से 150 सीटों पर जीतने की उम्मीद जताई है। ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है जब शिवसेना ने भाजपा को गठबंधन तोड़ने की धमकी दी है। जब से आदित्य ठाकरे को शिवसेना की युवा इकाई का पदभार मिला है तब से BJP और शिवसेना के बीच तकरार बढ़ती चली गई है। आदित्य ठाकरे ने पहले ही चेतावनी दे दी थी कि 1 साल के अंदर शिवसेना बीजेपी से अपने को अलग कर लेगी।