सरकार ने हज यात्रा की सब्सिडी की ख़त्म, सब्सिडी के पैसों से इनको लाभ देगी सरकार

(न्यूज़ लाइव नाऊ) : केंद्र सरकार ने हज यात्रा पर दी जाने वाली सब्सिडी खत्म कर दी है. केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हज यात्रा पर दी जाने वाली सब्सिडी की रकम लड़कियों की शिक्षा पर खर्च की जाएगी. नकवी ने कहा कि इस साल 1.75 लाख मुसलमान हज यात्रा पर जाएंगे. अब तक के इतिहास में यह पहली बार है जब इतनी ज्यादा संख्या में यात्री हज यात्रा पर जाने वाले हैं.



अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री ने कहा है कि सब्सिडी के पैसे को लड़कियों और महिलाओं को शिक्षा उपलब्ध कराने पर खर्च किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सब्सिडी का फायदा ऐसे भी एजेंट्स उठा रहे थे, इसलिए हज सब्सिडी बंद कर दी गई है. उन्होंने कहा कि गरीब मुस्लिमों के लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार तुष्ट‍िकरण नहीं, सशक्तिकरण चाहती है.

नकवी ने यह भी कहा कि सऊदी अरब की सरकार ने भारत से पानी के जहाज के जरिए हज यात्रा फिर से आरंभ करने को सैद्धांतिक रूप से सहमति प्रदान कर दी है और दोनों देशों के अधिकारी इससे जुड़े तौर-तरीकों को अंतिम रूप देंगे. नकवी ने कहा, ‘यह अल्पसंख्यकों का तुष्टीकरण के बिना और गरिमा के साथ सशक्तीकरण की हमारी नीति का हिस्सा है.’ इस साल की शुरुआत में नकवी ने कहा था कि केंद्र सरकार उच्चतम न्यायालय के आदेश के मुताबिक हज सब्सिडी खत्म करेगी.



Leave A Reply