हिमाचल प्रदेश: आचार संहिता से पहले ही 6800 पीटीए शिक्षकों का वेतन हुआ दोगुना

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। हिमाचल के सरकारी स्कूलों में सेवारत करीब 6,800 पीटीए शिक्षकों का वेतन सरकार ने दोगुना कर दिया है। दस मार्च को लोकसभा चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले सरकार ने आठ मार्च को ही इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। इन शिक्षकों को अब 144 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा। एक अप्रैल 2019 से पीटीए शिक्षकों को नियमित अध्यापकों के बराबर वेतन दिया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने बजट भाषण में पीटीए शिक्षकों की वेतन बढ़ोतरी का एलान किया था। प्रधान सचिव शिक्षा की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक पीटीए पर नियुक्त असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉलेज कैडर) को 15,600 पे बैंड, 6,000 ग्रेड पे और 31,104 महंगाई भत्ता मिलेगा। प्रति माह इन शिक्षकों को अब 52,704 रुपये वेतन मिलेगा। पीजीटी/प्रवक्ता (स्कूल) को 10,300 पे बैंड, 4,200 ग्रेड पे, 20,880 महंगाई भत्ता मिलेगा। इन्हें प्रति माह 35,380 रुपये वेतन मिलेगा। स्कूल कैडर के डीपीई और टीजीटी को 10,300 पे बैंड, 3,600 ग्रेड पे, 20,016 महंगाई भत्ता मिलेगा। इन शिक्षकों को प्रतिमाह 33,916 रुपये वेतन मिलेगा। सीएंडवी को 10,300 पे बैंड, 3,200 ग्रेड पे, 19,440 महंगाई भत्ता मिलेगा। इन्हें प्रतिमाह 32,940 रुपये वेतन मिलेगा। पहले इन शिक्षकों को महंगाई भत्ता नहीं दिया जाता था। 144 फीसदी महंगाई भत्ता मिलने से शिक्षकों के वेतन में दोगुनी बढ़ोतरी हो गई है। अनुबंध पर नियुक्त करीब 5,500 पीटीए शिक्षकों और करीब 1,300 लेफ्ट आउट पीटीए दोनों के वेतन में बढ़ोतरी की गई है। अगर किसी महीने में शिक्षकों की हाजिरी कम होगी तो वेतन में नियमानुसार कटौती भी होगी। प्रदेश अनुबंध अध्यापक संघ (पीटीए) ने पीटीए शिक्षकों को नियमित शिक्षकों की तर्ज पर सभी वित्तीय और अन्य लाभ देने के लिए सरकार का आभार जताया है।संघ के प्रदेश अध्यक्ष हरीश ठाकुर, उपाध्यक्ष अमित मुखिया, वाइस चेयरमैन नरेंद्र शर्मा, राज्य कार्यकारिणी सदस्य दिनेश पटियाल, राजपूत संजीव ठाकुर, रविकांत शर्मा, बलदेव राणा,  देवेंद्र ठाकुर, रवि ठाकुर, कपिल वरसांटा, वीरेंद्र ठाकुर, बॉबी, अनिल शर्मा ने वेतन बढ़ाने पर मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री का आभार जताया है। 
Leave A Reply